लखनऊ। कानुपर जू में कुत्तों के घुस आने और हिरणों की मौत की घटना के बाद भी प्रदेश में जू की सुरक्षा व्यवस्थाओं की लगातार अनदेखी हो रही है। इसकी एक बानगी रविवार को लखनऊ प्राणि उद्यान में उस समय देखने को मिली जब दिनदहाड़े एक आवारा कुत्ता जू में घुस आया। इस घटना ने यहां की सुरक्षा व्यवस्था की भी पोल खोल दी। कुत्ते के जू में दाखिल होेने से जू स्टाफ में हड़कंप मच गया। हालांकि, कुछ देर में ही उसे बाहर निकाल दिया गया। दरअसल, रविवार को जू में बहुत भीड़ थी और उसी भीड़ व एक वीआईपी के परिवार को संभालने में पूरा स्टाफ जुटा हुआ था। जू के गेट पर इक्का-दुक्का कर्मचारी ही तैनात थे। इसी दौरान जू के मेन गेट पर सजी खाने-पीने की दुकानों के पास मंडराता एक कुत्ता जू में दाखिल हो गया। उसे पकड़ने के लिए कर्मचारियों की भागमभाग जू पहुंचे लोगों के ठहाकों का भी सबब बनी। कुछ देर की भागदौड़ के बाद जू स्टाफ ने उसे बाहर निकाल दिया। हालांकि, जू प्रशासन ने घटना से इनकार किया है।