लखनऊ। इंदिरानगर क्षेत्र में मंगलवार रात बाइक सवार तीन बदमाशों ने दुकान बंद करके लौट रहे सराफा व्यवसायी को तमंचे के बट से जख्मी करके लाखों के गहनों से भरा बैग लूट लिया। वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने जख्मी व्यवसायी को अस्पताल भेजा और इलाके में नाकाबंदी कराई, लेकिन लुटेरों का कोई सुराग नहीं लगा है।
इंदिरानगर के सेक्टर-11 स्थित पंडितपुरवा निवासी सराफा व्यवसायी मंजीत सोनी की अमराई गांव में मुकेश ज्वैलर्स नाम से दुकान है। वह रोजाना की तरह मंगलवार रात दुकान बंद करके बाइक से घर लौट रहे थे। उन्होंने बाइक के हैंडिल पर दो सौ ग्राम सोने व साढ़े चार किलो चांदी के गहनों से भरा बैग टांग रखा था। मंजीत बादशाह खेड़ा व रामदीनपुरवा के बीच से सुनसान रास्ते से गुजर रहे थे कि पीछे से आई मोटरसाइकिल ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। बाइक समेत सड़क पर गिरे मंजीत के उठने से पहले मोटरसाइकिल से उतरे दो बदमाशों ने घेर लिया। एक ने तमंचा ताना और दूसरा गहनों से भरा बैग छीनने लगा। विरोध जताने पर बदमाश ने हवाई फायर किए और तमंचे के बट से व्यापारी को जख्मी करके बैग लूट लिया। वारदात को अंजाम देकर तीनों बदमाश तकरोही की तरफ भाग निकले।
जख्मी मंजीत ने शोर मचाने के साथ पुलिस कंट्रोल रूम फोन करके वारदात की सूचना दी। इसके बाद अपने भाई संजय सोनी को फोन किया। थोड़ी देर में तकरोही चौकी व इंदिरानगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायल मंजीत को अस्पताल भेजा गया। इलाके में नाकाबंदी करके लुटेरों की तलाश की गई, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला।
काली जैकेट पहने थे काली बाइक सवार लुटेरे
मंजीत ने पुलिस को बताया कि काली पल्सर पर सवार तीनों लुटेरे काली जैकेट पहने थे। उनके कपड़े भी काले नजर आ रहे थे। दो बदमाश उतरे, जबकि एक बाइक पर ही बैठा रहा। पुलिस ने मंजीत के बताए हुलिए के आधार पर लुटेरों की तलाश शुरू की है।
रेकी के बाद अंजाम दी वारदात
वारदात का शिकार बने मंजीत को शक है कि लुटेरों ने रेकी के बाद लूटपाट की। लुटेरों को पता था कि बैग में गहने व नगदी है। इसके अलावा उन्होंने उस स्थान पर वारदात को अंजाम दिया, जहां रोड लाइट काफी समय से खराब होने के कारण घुप अंधेरा रहता है।