लखनऊ। बाजार खाला क्षेत्र में ताजिये को लेकर शुक्रवार दोपहर एक ही समुदाय के दो पक्षों में भिड़ंत के मामले में चौक पुलिस ने दो और एफआईआर दर्ज की हैं। इनमें एक नक्खास चौकी इंचार्ज ने दर्ज कराई है। पुलिस का दावा है कि उपद्रव का सारा नजारा एक दुकान के सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड हुआ है। इसके अलावा पुलिस की वीडियोग्राफी से उपद्रवियों को चिह्नित कर उनकी धरपकड़ की जाएगी। इलाके में हालात काबू में हैं। ऐहतियात के तौर पर विभिन्न स्थानों पर पुलिस व पीएसी की ड्यूटी लगाई गई है। एसएसपी आरके चतुर्वेदी ने बताया कि चौक पुलिस ने बिल्लौचपुरा के हसन अहमद की तहरीर पर दूसरे पक्ष के लोगों के खिलाफ बलवा व मारपीट का मामला दर्ज किया है। जबकि नक्खास चौकी इंचार्ज ने अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ बलवा, मारपीट, गालीगलौज, तोड़फोड़, जाम लगाकर रास्ता बाधित करने, धार्मिक उन्माद भड़काने व 7 क्रिमिनल लॉ अमेडमेंट एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं, घटना के दूसरे दिन शनिवार को इलाके के हालात सामान्य रहे। नक्खास बाजार में आम दिनों की तरह चहलपहल रही। ऐहतियात के तौर पर अकबरी गेट से बिल्लौचपुरा तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस-पीएसी तैनात रही, जबकि पुराने शहर के विभिन्न स्थानों पर सशस्त्र जवान गश्त कर रहे हैं। एसएसपी ने बताया कि उपद्रवियों की तलाश के दौरान अहम जानकारी मिली है। पता चला कि बिल्लौचपुरा स्थित एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे ने शुक्रवार दोपहर दो पक्षों में हुए विवाद, मारपीट व पथराव का नजारा रिकार्ड कर लिया है। पुलिस टीम को दुकानदार से सीसीटीवी की रिकार्डिंग कब्जे में लेने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा पुलिस टीम द्वारा की गई वीडियोग्राफी व मीडिया कर्मियों के कैमरे की रिकार्डिंग के जरिए उपद्रवियों को पहचान कर उनकी धरपकड़ के आदेश दिए गए हैं। मालूम हो, शुक्रवार दोपहर ताजिये को लेकर एक ही समुदाय के दो पक्षों में विवाद हुआ था। मारपीट व पथराव से इलाके में तनाव फैल गया। नक्खास बाजार बंद हो गया था। बवाल में दोनों पक्षों के चार लोग घायल हुए थे। दिनभर तनातनी के बाद चौक पुलिस ने मौलाना यासूब अब्बास की तहरीर पर दूसरे पक्ष के अनीस अहमद व उसके साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। अनीस ने भी दूसरे पक्ष के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई थी।