लखनऊ। कैंट की रजमन चौकी में तैनात दरोगा ने सिपाहियों को ड्यूटी पर रवाना किया। इसके बाद चौकी पर ताला लगाकर घर में आराम फरमाने चला गया। एसएसपी ने दरोगा को निलंबित कर दिया है। एसएसपी आरके चतुर्वेदी ने बताया कि रजमन चौकी इंचार्ज श्याम बहादुर सिंह की आरामतलबी की शिकायत पर बृहस्पतिवार रात 11:30 सीओ कैंट डॉ. संजय कुमार ने औचक निरीक्षण किया, वहां ताला लगा था। इंचार्ज श्याम बहादुर सिंह के मोबाइल पर घंटी बजती रही। कॉल रिसीव न होने पर सीओ ने गश्त व पिकेट ड्यूटी चेक की। चौकी के चार सिपाही अलग-अलग स्थानों पर ड्यूटी पर मुस्तैद मिले। सीओ की रिपोर्ट पर श्याम बहादुर सिंह को निलंबित कर दिया गया है। एसएसपी ने बताया कि रजमन चौकी इंचार्ज को निलंबित करने के साथ जिले के सभी थाना प्रभारी व चौकी इंचार्ज को ड्यूटी में मुस्तैदी के आदेश दिए गए हैं। सीओ व अपर पुलिस अधीक्षकों से रात में अचानक चेकिंग करने को कहा गया है। ड्यूटी में लापरवाही की शिकायत पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।