लखनऊ। दीपावली के पर्व पर घरों को आने-जाने वालों की भीड़ बस अड्डों पर उमड़ने लगी है। इसके चलते शनिवार को बस में सीट के लिए जमकर मारामारी रही। पूर्वांचल और दिल्ली जाने वाली तकरीबन सभी बसें पूरी तरह भरी रहीं। बस अड्डों पर सुबह से यात्रियों का जमावड़ा रहा। बस देखते ही लोग सामान लेकर दौड़ते दिख। यहां तक कि गेट से जगह न मिलने पर लोग सीट कब्जाने के लिए खिड़की से अंदर गए। इस दौरान परिवहन निगम के उच्च अधिकारियों ने अड्डो का निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया। आलमबाग अड्डे पर शनिवार सुबह 5 बजे से रात 10 बजे करीब 650 बसों से यात्रियों को कानपुर, दिल्ली, आगरा, इटावा, झांसी, बांदा, जालौन, रायबरेली, जौनपुर, वाराणसी, सुल्तानपुर, गोरखपुर, बस्ती, डुमरियागंज, मऊ, आजमगढ़, गाजीपुर, देवरिया, महाराजगंज आदि के लिए भेजा गया। इनमें से 350 से अधिक बसें आलमबाग अड्डे से ही गईं। जबकि इतनी ही आलमबाग अड्डे से रवाना हुई। कैसरबाग अड्डे पर सुबह 5 से रात 8 बजे तक 300 बसों से यात्रियों को सीतापुर, लखीमपुर, बहराइच, गोण्डा, बलरामपुर, शाहजहांपुर, बरेली के लिए रवाना किया गया। आलमबाग अड्डे पर सायं पांच बजे बसों की संख्या कम पड़ने पर रिजर्व बसों को भेजा गया। दिल्ली, वाराणसी, गोरखपुर, आगरा, जयपुर की बसें फुल रहीं। इनमें रात 9:30 बजे एक स्पेशल वॉल्वो दिल्ली के लिए रवाना हुई।