लखनऊ। लखनऊ महोत्सव की तिथियां करीब आने के साथ ही महोत्सव में प्रस्तुतियों के लिए कलाकारों के नाम को अंतिम रूप दिया जाने लगा है। महोत्सव 26 नवम्बर से शुरू होना है। अब इसमें एक माह से भी कम का समय शेष है। लेकिन जिलाधिकारी के बाहर होने के कारण कलाकारों की सूची अभी पूरी तरह से तय नहीं हो पाई है। पर्यटन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, जिन कलाकारों के नाम लगभग तय हो चुके हैं उनमें प्रख्यात बांसुरी वादक पं. हरिप्रसाद चौरसिया शामिल हैं। गौरतलब है कि चौरसिया को मुलायम सिंह यादव ने अपनी सरकार में उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी का कार्यकारी अध्यक्ष भी बनाया था। चौरसिया महोत्सव में शास्त्रीय संगीत का प्रतिनिधित्व करेंगे। महोत्सव के अंतर्गत पड़ने वाली गुरुनानक जयंती की संध्या में प्रसिद्ध पंजाबी पॉप गायक गुरदास मान का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। क्षेत्रीय पर्यटन कार्यालय के संयुक्त निदेशक आरएस यादव के अनुसार, जिन अन्य कलाकारों के नाम लगभग तय माने जा रहे हैं उनमें प्रसिद्ध गजल गायक जोड़ी भूपेन्द्र- मिताली शामिल हैं। इनके अतिरिक्त भोजपुरी के प्रसिद्ध गायक एवं अभिनेता मनोज तिवारी भी महोत्सव में कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। महोत्सव में परम्परानुसार मुशायरा और कवि सम्मेलन भी होंगे जिनकी तिथियां अभी क्रमश: 29 नवम्बर और चार दिसंबर प्रस्तावित की गयी हैं। इसके अलावा अवधी संध्या का भी प्रस्ताव है।