लखनऊ। बेखौफ लुटेरों ने राजधानी में सोमवार को दो कारों का शीश तोड़कर लूट की वारदात को अंजाम दिया। विभूति खंड थाना क्षेत्र में वेव मॉल के बाहर एक प्रोफेसर की कार का शीशा तोड़कर नगदी समेत चेक बुक उड़ा ले गए। इस वारदात के महज एक घंटे बाद ही लुटेरों ने मुंशी पुलिया चौराहे से एक व्यवसायी की कार का भी शीशा तोड़कर नगदी समेत क्रेडिट कार्ड व जरूरी व सामान लूट ले गए। लखनऊ विश्वविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. दुर्गेश श्रीवास्तव सोमवार को विभूति खंड थाना क्षेत्र के वेव मॉल के बाहर शाम को गाड़ी खड़ी कर कुछ खरीददारी करने गए थे। बाइक सवार लुटेरे उनकी कार का शीशा तोड़ कर पीछे रखा बैग लेकर फरार हो गए। वापस लौटने पर उन्होंने अपनी कार के पास भीड़ देखी तो वह अवाक रह गए। पास जाने पर पता चला कि उनकी कार का शीशा टूटा हुआ है और अंदर रखा बैग गायब है। उन्होंने वारदात की जानकारी तत्काल पुलिस को दी। डॉ. दुर्गेश ने पुलिस को बताया कि बैग में हस्ताक्षर किए हुए कुछ चेक और महत्वपूर्ण कागजात रखे थे। मामले में उनकी तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट भी दर्ज कर ली। वहीं घटना के महज एक घंटे बाद ही लुटेरे मुंशी पुलिया चौराहे के पास गाड़ी खड़ी कर सामान लेने गए मोटर पार्ट्स व्यवसायी रीतेश श्रीवास्तव की कार का भी शीशा तोड़ कर उनकी अटैची ले उड़े। अटैची में नगदी समेत आईसीआईसीआई बैक का क्रेडिट कार्ड और चार हस्ताक्षरित चेक भी रखे थे। इसके साथ ही व्यवसाय से संबंधित कई कागजात भी थे। रितेश देर रात तक गाजीपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए बैठे रहे। लेकिन पुलिस ने मामले में रिपोर्ट नहीं दर्ज की।