दुनियाभर में ग्लोबल वार्मिंग के बढ़ने का एक बड़ा कारण शहरीकरण है। शहरीकरण की वजह से बड़े पैमाने पर जंगलों का कटाव हो रहा है। इसके चलते वायुमंडल में कार्बन डाइऑक्साइड की मात्रा में वृद्धि हो रही है और ग्लोबल वार्मिंग का प्रभाव और भी ज्यादा बढ़ रहा है। इस वजह से कई ऐसी जगहों पर भी सूखा पड़ रहा है, जहां कभी हरियाली हुआ करती थी और वहां पर भी पेड़ खत्म हो रहे हैं।
वहीं दूसरी ओर पृथ्वी का औसत तापमान बढ़ने के कारण कृषि क्षेत्र पर भी नकारात्मक असर पड़ा है। यही नहीं जलवायु परिवर्तन के कारण ऊंचाई वाली जगहों पर भी तापमान बढ़ रहा है, जिसकी वजह से वहां पर भी मच्छर पनप रहे हैं और मच्छरों से होने वाली बीमारियां फैल रही हैं।
इसके अलावा ग्लोबल वार्मिंग कोरल रीफ को बुरी तरह से प्रभावित कर रहा है। संयुक्त राष्ट्र फ्रेमवर्क कन्वेंशन 2019 के मुताबिक ग्लोबल वार्मिंग के बढ़ने के कारण साल 2100 तक 80 फीसदी ग्लेशियर पिघलकर सिकुड़ सकते हैं। ऐसे में हर साल पर्यावरण दिवस को मनाए जाने का उद्देश्य लोगों को इन्हीं खतरों के प्रति जागरुक करना है।