जम्मू जिले के अखनूर में संवेदनशील तथा महत्वपूर्ण स्थानों पर हमले की आतंकियों की साजिश को सेना ने नाकाम कर दिया है। बुधवार रात अखनूर पुलिस स्टेशन के पास स्थित सेना की डग स्कर्ट यूनिट के संतरी ने रोड पर जा रहे तीन संदिग्धों को रोका। इस पर दो संदिग्ध कस्बे में रोड की तरफ भागे, जबकि एक पास की झाड़ियों में कहीं छिप गया।
इस दौरान उसका बैग छूट गया। सुरक्षाबलों को बैग से एक आईईडी, दो लैंडमाइंस, दो ग्रेनेड, एक डायरी, कर्नल की वर्दी, दो मैप, चाकू, फोटो सहित अन्य सामान बरामद हुआ है। इसके बाद सेना ने पूरे इलाके को घेरकर सर्च आपरेशन चलाया। संदिग्धों की तलाश के लिए हेलीकाप्टर की भी मदद ली गई।
खोजी कुत्ते भी लगाए गए। अखनूर बाजार के साथ ही पुलिस स्टेशन तथा सैन्य यूनिट भी यहां स्थित है।संदिग्धों को देखे जाने के बाद पूरे शहर में अलर्ट जारी कर दिया गया। इसके साथ ही सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इसके बाद सेना और पुलिस ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी की।
वीरवार सुबह संदिग्धों की धरपकड़ के लिए तलाशी अभियान चलाया गया, जो देर शाम तक जारी था। क्षेत्र के कुछ घराें को खाली भी कराया गया। हालांकि देर शाम तक तीनों संदिग्धों के बारे में कोई सुराग नहीं लग सका था।
ज्ञात हो कि दो दिन पहले जैश के आतंकियों ने हाई सिक्योरिटी जोन में श्रीनगर एयरपोर्ट के पास बीएसएफ कैंप पर हमला कर दिया था। सेना और पुलिस के आला अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंच कर सुरक्षा की समीक्षा की। साथ ही तीनों संदिग्धों को पकड़ने की रणनीति बनाई।
बाईपास रोड पर आवाजाही दिनभर बंद रही। क्षेत्र में संदिग्धों की मौजूदगी से लोगोें में दहशत का माहौल है। आवागमन प्रभावित रहने से एसडीएम, राजस्व विभाग, पुलिस स्टेशन आदि में लोगाें की आवाजाही कम रही।