विश्व चैंपियन डी गुकेश को विश्व शतरंज चैंपियनशिप में पहली हार का सामना करना पड़ा है। उज्बेकिस्तान के चुनौतीकर्ता जावोखिर सिंदारोव ने रविवार को जिनेवा में खेले गए पांचवें गेम में भारतीय खिलाड़ी को हरा दिया। इसके साथ ही सिंदारोव ने मुकाबले में पहली जीत दर्ज करते हुए बढ़त हासिल कर ली। गुकेश से एक अहम मोड़ पर हुई गलती का सिंदारोव ने पूरा फायदा उठाया। मुकाबले के शुरुआती चारों गेम ड्रॉ रहे थे।
गुकेश बनाम सिंदारोव
- फोटो : FIDE/Lichess/PTI
31वीं चाल पर गुकेश से हुई बड़ी चूक
पांचवीं बाजी में सिंदारोव ने सफेद मोहरों के साथ रेती ओपनिंग चुनी। मिडिलगेम में उन्होंने केंद्र पर बेहतर नियंत्रण और मोहरों को चलने के लिए अधिक जगह बनाकर गुकेश पर दबाव बनाया। भारतीय खिलाड़ी मुश्किल स्थिति में थे और उन्हें मुकाबले में बने रहने के लिए काफी समय खर्च करना पड़ा।
हालांकि, गुकेश ने हार नहीं मानी और शानदार संघर्ष करते हुए सिंदारोव की बढ़त को काफी हद तक कम कर दिया। एक समय ऐसा लग रहा था कि यह बाजी भी ड्रॉ पर समाप्त होगी। लेकिन 40 चालों के पहले टाइम कंट्रोल से कुछ मिनट पहले गुकेश ने 31वीं चाल पर रानी की अदला-बदली करने का फैसला किया। उनका यह आकलन गलत साबित हुआ और वह मुश्किल रूक-प्यादा एंडगेम में फंस गए।
गुकेश बनाम सिंदारोव
- फोटो : FIDE/Lichess/PTI
सिंदारोव ने मौके को जीत में बदला
सिंदारोव ने गुकेश की गलती को तुरंत भांप लिया। उनके पास घड़ी में भारतीय खिलाड़ी से करीब 10 मिनट अधिक समय था। उन्होंने अगली चालों में सटीक गणना करते हुए पहले विपक्षी के किंगसाइड का एक प्यादा हासिल किया और फिर प्यादे का बलिदान देकर जीत का रास्ता साफ कर लिया। यह मुकाबला 47 चालों तक चला। इस हार से गुकेश की खिताब बचाने की कोशिशों को झटका लगा है। हालांकि, भारतीय खिलाड़ी के पास वापसी का पर्याप्त मौका है। उन्होंने दो साल पहले चीन के डिंग लिरेन को हराकर विश्व चैंपियन का खिताब जीता था।
गुकेश बनाम सिंदारोव
- फोटो : FIDE/Lichess/PTI
अभी नौ क्लासिकल गेम बाकी
विश्व चैंपियनशिप में अभी नौ क्लासिकल गेम और खेले जाने हैं। ऐसे में गुकेश के पास मुकाबले में वापसी करने का पूरा अवसर है। अगर 14 गेम के बाद दोनों खिलाड़ियों का स्कोर बराबर रहता है तो खिताब का फैसला तेज समय नियंत्रण वाले टाईब्रेकर से होगा। कुल 25 लाख अमेरिकी डॉलर (करीब 21 करोड़ रुपये) की पुरस्कार राशि वाली इस चैंपियनशिप का छठा गेम सोमवार को खेला जाएगा। इसके बाद एक दिन का विश्राम रहेगा और फिर अगले तीन गेम खेले जाएंगे। अब गुकेश के सामने सबसे बड़ी चुनौती इस हार से उबरकर खिताब की अपनी दावेदारी को मजबूत करने की होगी।