फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Wimbledon 2022: सिमोन हालेप तीसरी और रिबाकीना पहली बार विंबलडन के सेमीफाइनल में, किर्गियोस भी अंतिम-4 में

Wed, 06 Jul 2022 11:31 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लंदन

सार

पुरुषों के क्वार्टर फाइनल में निक किर्गियोस ने गैरिन को हराकर अंतिम-चार में जगह बनाई। किर्गियोस ने गैरिन को 6-4, 6-3, 7-5 से हराया। इसके अलावा नोवाक जोकोविच और कैमरून नॉरी पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुके हैं।
विज्ञापन
विंबलडन- सिमोना हालेप और रिबाकीना - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

2019 की विंबलडन चैंपियन रोमानिया की सिमोना हालेप विंबलडन में लगातार 12वीं जीत के साथ तीसरी बार सेमीफाइनल पहुंच गई हैं। क्वार्टर फाइनल में बुधवार को 16वीं वरीय सिमोना ने 20वीं वरीय अमेरिका की अमांडा अनीसिमोवा को सीधे सेटों में 6-2, 6-4 से हराया।
विज्ञापन


वहीं, कजाखस्तान की 17वीं वरीय एलीना रिबाकीना ऑस्ट्रेलिया की अजला तोम्जानोविच को 4-6, 6-2, 6-3 से हराकर पहली बार किसी भी ग्रैंडस्लैम के अंतिम चार में जगह बनाई है। हालेप और एलीना बृहस्पतिवार को सेमीफाइनल में आमने-सामने होंगी।

सिमोना ने अनीसिमोवा को हराने के लिए एक घंटे तीन मिनट का समय लिया। सिमोना हालेप चोट की वजह से पिछले साल विंबलडन में नहीं खेल सकी थीं और अपने खिताब का बचाव नहीं कर पाईं। सिमोना का कहना है कि इस बार वह कड़ी तैयारी करके आई हैं।  

पुरुषों के क्वार्टर फाइनल में निक किर्गियोस ने गैरिन को हराकर अंतिम-चार में जगह बनाई। किर्गियोस ने गैरिन को 6-4, 6-3, 7-5 से हराया। इसके अलावा नोवाक जोकोविच और कैमरून नॉरी पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुके हैं। किर्गियोस का सामना टी फ्रिट्ज और राफेल नडाल के बीच चल रहे मैच के विजेता से होगा।

महिला सेमीफाइनल लाइनअप
  • ओंस जेबुअर बनाम तत्याना मारिया
  • सिमोना हालेप बनाम एलेना रिबाकिना
पुरुष सेमीफाइनल लाइनअप
  • नोवाक जोकोविच बनाम नॉरी
  • किर्गियोस बनाम (नडाल-फ्रिट्ज के बीच मैच का विजेता)

बिना सेट गंवाए अंतिम चार में पहुंचीं सिमोना
खिताब की प्रबल दावेदार सिमोना इस साल विंबलडन में अब तक पांच मैच खेल चुकी हैं। पांचों मैचों में उन्होंने एक भी सेट नहीं गंवाया है। सिमोना ने क्वार्टर फाइनल में 3 एस लगाए, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी एक भी एस नहीं लगा सकीं। सिमोना ने 59 और अमेरिकी खिलाड़ी 44 प्वाइंट जीत सकीं। सिमोना ने पूरे मैच में अमांडा की चार बार सर्विस तोड़ी। वहीं, एलीना का पहले दौर का मैच रद्द हो गया था। दूसरे, तीसरे और चौथे दौर का मैच उन्होंने बिना सेट गंवाए जीता था, बावजूद इसके उनके सभी मुकाबले कड़े साबित हुए। एक घंटे 51 मिनट तक चले क्वार्टर फाइल में एलीना पहला सेट 4-6 से गवां बैठी थी, लेकिन उन्होंने वापसी करते हुए अंतिम दोनों सेट जीत लिए।

ग्रैंड स्लैम के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली अरब महिला बनीं जेबुअर
टेनिस में अरब देश का कोई भी खिलाड़ी अब तक जो उपलब्धि हासिल नहीं कर सका, उसे ट्यूनीशिया की 27 वर्षीय ओंस जेबुअर ने प्राप्त कर लिया। जेबुअर ने विंबलडन के सेमीफाइनल में पहुंचकर इतिहास रच दिया है। वह किसी भी ग्रैंडस्लैम के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली किसी भी अरब देश की पहली खिलाड़ी बन गई हैं। ओंस पिछले साल विंबलडन के क्वार्टर फाइनल में पहुंची थीं। क्वार्टर फाइनल में ओंस ने मंगलवार को चेक गणराज्य की मैरी बौज्कोवा को 3-6, 6-1, 6-1 से हराया।

क्वार्टर फाइनल से आगे नहीं बढ़ पाते थे अरब के खिलाड़ी
ओंस ने कहा, वह लंबे समय से ग्रैंडस्लैम के सेमीफाइनल में पहुंचने को लेकर आशान्वित थीं। उन्होंने मोरक्को के पूर्व टेनिस खिलाड़ी हिकाम अराजी से बात की थी। उन्होंने ने ओंस से कहा था कि अरब देश के टेनिस खिलाड़ी हमेशा ग्रैंडस्लैम के क्वार्टर फाइनल में हारते आए हैं। अराजी ने ओंस ने कहा कि आप इस बाधा को तोड़ दो। ओंस ने कहा कि उन्होंने इसके लिए प्रयास किया और उसमें सफल रहीं।

सेमीफाइनल में तत्याना से होगा सामना
सेमीफाइनल में ओंस का सामना जर्मनी की 34 वर्षीय तत्याना मारिया से होगा। मारिया ने मां बनने के दौरान टेनिस से दो बार ब्रेक भी लिया था। विंबलडन के पहली बार सेमीफाइनल में पहुंचने वाली मारिया सबसे उम्रदराज महिला खिलाड़ी बन गई हैं। मारिया ने क्वार्टर फाइनल में हमवतन 22 वर्षीय जूली नीमिअर को 4-6, 6-2, 7-5 से हराया। 

तत्याना की जीत से जेबुअर खुश
तत्याना और जेबुअर दोनों अच्छी दोस्त भी हैं। जेबुअर ने तत्याना के सेमीफाइनल में पहुंचने पर कहा कि वह उनकी जीत से बहुत खुश हैं। उन्होंने यहां तक पहुंचने के लिए काफी संघर्ष किया है। दो बच्चों की मां होने के बाद वापसी करना आसान नहीं है। हम दोनों के बीच अच्छा मुकाबला होने वाला है।
विज्ञापन

34 साल की उम्र में सेमीफाइनल तक पहुंचने वाली छठी खिलाड़ी
34 वर्ष की उम्र में विंबलडन के सेमीफाइनल तक पहुंचने वाली तत्याना मारिया छठी खिलाड़ी बन गई हैं। उनसे पहले बिली जीन किंग, मार्टिना नवरातिलोवा, क्रिस एवर्ट, वीनस विलियम्स और सेरेना विलियम्स यह उपलब्धि हासिल कर चुकी हैं और पांचों ने संयुक्त रूप से 30 खिताब भी जीते हैं। मारिया ने कहा, महान खिलाड़ियों की सूची में शामिल होना उनके लिए अद्भुत है। वह 2015 में विंबलडन के तीसरे दौर में पहुंची थीं। उन्होंने कहा कि उन्हें इस पर भरोसा नहीं हो रहा है। मारिया अपने दसवें प्रयास में विंबलडन के सेमीफाइनल तक पहुंची हैं। उनकी पहली बेटी 2013 में और दूसरी 2021 में पैदा हुई थी। मारिया ने कहा कि वह सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं, यह अद्भुत है लेकिन वह मां हैं। टूर्नामेंट के बाद वह वापस अपने बच्चों की देखभाल के लिए जाएंगी।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें