रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 2022 में रूस-यूक्रेन संघर्ष शुरू होने के बाद से अब पहली बार भारत दौरे पर आ रहे हैं। 4-5 दिसंबर को उनका भारत का दौरा शुरू हो रहा है। पुतिन के इस दौरे पर पूरी दुनिया की नजर रहने वाली है। पुतिन का यह दौरा काफी अहम रहने वाला है, लेकिन यहां यह जानना भी जरूरी है कि पुतिन की खेलों में गहरी रुचि है और वह जूडो में ब्लैक बेल्ट रह चुके हैं। इतना ही नहीं राष्ट्रपति पुतिन घुड़सवारी में भी माहिर हैं।
भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे
राष्ट्रपति पुतिन भारत दौरे के दौरान 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। रूसी राष्ट्रपति चार साल के अंतराल के बाद भारत पहुंचेंगे। वे आखिरी बार भारत 2021 में भारत-रूस वार्षिक सम्मेलन में हिस्सा लेने आए थे। हालांकि पुतिन का इस बार का भारत दौरा पिछली यात्रा के मुकाबले काफी अहम माना जा रहा है। राष्ट्रपति पुतिन 4 दिसंबर की शाम में नई दिल्ली पहुंचेंगे। इसके बाद वह पीएम मोदी के साथ मुलाकात करेंगे। दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय वार्ता होगी। इसके बाद पीएम मोदी के न्योते पर पुतिन निजी रात्रिभोज में शामिल होंगे।
11 साल की उम्र की शुरू की थी ट्रेनिंग
राष्ट्रपति पुतिन की पहचान भले ही सख्त प्रशासक के रूप में रही है, लेकिन खेलों में उनकी गहरी रुचि है। पुतिन जूडो, आइस हॉकी, फुटबॉल और घुड़सवारी में माहिर हैं। पुतिन का मार्शल आर्ट करियर जीवन को लेकर उनके अनुशासित और रणनीतिक दृष्टिकोण को ही दिखाता है। पुतिन जूडो और सैम्बो पर ध्यान देने के साथ अपने जीवन के अधिकांश समय में मार्शल आर्ट का अभ्यास करते रहे हैं। पुतिन ने 11 साल की उम्र में ही जूडो और 12 साल की उम्र में सैम्बो की ट्रेनिंग लेनी शुरू कर दी थी। शुरू में वो मार्शल आर्ट में ट्रेनिंग इसलिए लेना चाहते थे क्योंकि वो आत्मरक्षा सीखना चाहते थे और अपनी शारीरिक फिटनेस में सुधार करना चाहते थे। कई बार सोशल मीडिया पर पुतिन के फोटो और वीडियो वायरल हुए हैं जिसमें वह जूडो खेलते नजर आ रहे हैं।
आइस हॉकी का भी रहा है शौक
रूसी राष्ट्रपति को आइस हॉकी का भी काफी ज्यादा शौक रहा है। वो हॉकी खेलों के लिए बर्फ पर सर्फिंग करते थे। साल 2019 में आइस हॉकी खेलते हुए पुतिन ने आठ गोल दागे थे। उन्होंने विरोधी टीम को 14-7 से करारी शिकस्त भी दी थी। साल 2016 में भी आइस हॉकी खेलते हुए वो गिर गए थे। इतना ही नहीं, पुतिन को घुड़सवारी का भी काफी शौक है।