फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Vinesh Phogat-Abhinav Bindra: 'आप असली योद्धा हैं', विनेश फोगाट से बोले अभिनव बिंद्रा, सामने आईं तस्वीरें

Thu, 08 Aug 2024 05:45 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, पेरिस

सार

एशियाई और राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता तीन बार की ओलंपियन विनेश ने अपना वजन 50 किग्रा के भीतर रखने के लिए कई तरह के उपाय किए जिसमें भूखे रहना, तरल पदार्थों से परहेज करना और पूरी रात जागकर पसीना बहाना शामिल था।
विज्ञापन
विनेश और अभिनव बिंद्रा - फोटो : Twitter
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत का पहला व्यक्तिगत ओलंपिक स्वर्ण पदक दिलाने वाले निशानेबाज अभिनव बिंद्रा ने गुरुवार को पहलवान विनेश फोगाट से मुलाकात की। उन्होंने विनेश की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी लड़ाई उनके दिल को छू गई और वह असली योद्धा हैं। विनेश को बुधवार को ओलंपिक फाइनल से पहले डिसक्वालिफाई कर दिया गया था। 29 वर्षीय विनेश को 100 ग्राम अधिक वजन होने के कारण 50 किग्रा स्वर्ण पदक मुकाबले से अयोग्य घोषित कर दिया गया था जिसके बाद उन्होंने अचानक संन्यास लेने की घोषणा कर दी। विनेश कुश्ती में ओलंपिक फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान हैं।
विज्ञापन



बिंद्रा ने उनसे मुलाकात की कुछ तस्वीरों के साथ एक्स पर लिखा, 'ऐसा कहा जाता है कि खेल मानवीय इच्छाशक्ति का उत्सव है। मैंने अपने करियर में कई बार यह सच होते देखा है, लेकिन अभी से ज्यादा कभी भी यह सच नहीं हुआ। जब मैं अपने चारों ओर देखता हूं, तो मुझे एक राष्ट्र और उसके लोग आपके दृढ़ संकल्प का जश्न मनाते हुए दिखाई देते हैं।'

'आप मैट पर और मैट से बाहर भी एक योद्धा'

विनेश और बिंद्रा - फोटो : Twitter
उन्होंने लिखा, 'आप मैट पर और मैट से बाहर भी एक योद्धा हैं। आपके जरिये हम सीख रहे हैं कि हार के बावजूद भी अपने अंदर की लड़ाई को कभी नहीं हारना क्या मायने रखता है। आप एक योद्धा की सच्ची भावना को मूर्त रूप देती हैं।' एशियाई और राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता तीन बार की ओलंपियन विनेश ने अपना वजन 50 किग्रा के भीतर रखने के लिए कई तरह के उपाय किए जिसमें भूखे रहना, तरल पदार्थों से परहेज करना और पूरी रात जागकर पसीना बहाना शामिल था।

हालांकि, वह वजन को भार वर्ग के दायरे में नहीं आ पाईं। अंत में उनके शरीर में पानी की कमी हो गई और उन्हें खेल गांव के एक पॉली क्लिनिक में भर्ती किया गया। बिंद्रा ने अपनी पोस्ट में आगे कहा, 'सभी जीत एक जैसी नहीं होतीं। कुछ जीतें कैबिनेट में एक शानदार स्मारिका के रूप में समाप्त हो जाती हैं, लेकिन जो अधिक मायने रखती हैं, वे हमारे बच्चों को बताई जाने वाली कहानियों में अपना रास्ता बना लेती हैं।'
विज्ञापन

'देश का हर बच्चा आपको चैंपियन के रूप में जानेगा'

विनेश और बिंद्रा - फोटो : Twitter
उन्होंने कहा, 'इस देश का हर बच्चा आपको चैंपियन के रूप में जानेगा। हर बच्चा आपके द्वारा दिखाए गए जज्बे के साथ जीवन का सामना करना चाहेगा। मैं इसके लिए आपको धन्यवाद करता हूं।' विनेश ने ओलंपिक फाइनल से अयोग्य ठहराए जाने के खिलाफ बुधवार को खेल पंचाट (कैस) में अपील की थी जिसमें मांग की गई है कि उन्हें संयुक्त रजत पदक दिया जाए। अभी इस पर फैसला होना बाकी है। हरियाणा की इस पहलवान ने भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के पूर्व अध्यक्ष बृज भूषण के खिलाफ दिल्ली की सड़कों पर एक महीने से अधिक समय तक विरोध प्रदर्शन किया था जिन पर महिला पहलवानों ने कथित तौर पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें