देश को ओलंपिक में पदक दिलाने वाले पहले बॉक्सर विजेंदर सिंह अब कभी देश के लिए खेलते नजर नहीं आएंगे। मिलान वर्ल्ड चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाले विजेंदर अब पेशेवर बॉक्सर बन गए हैं।
उन्होंने सोमवार को लंदन में आधिकारिक रूप से इसकी घोषणा की। वह आयरलैंड के क्वींसबरी प्रमोशन के साथ जुडे़ हैं। विजेंदर का यह कदम रियो ओलंपिक में पदक की आशाओं को बड़ा झटका माना जा रहा है।
स्टार मुक्केबाज विजेंदर सिंह के पेशेवर मुक्केबाज बनने के फैसले से राष्ट्रीय कौच गुरबक्स सिंह संधू भौचक्का हैं। उन्होंने कहा कि ओलंपिक कांस्य पदक विजेता मुक्केबाज की एमेच्योर स्तर पर कमी खलेगी।
बकौल संधू, "यह वास्तव में मुझे चौंकाने वाला है। मुझे वास्तव में धक्का लगा है क्योंकि मैंने कभी उम्मीद भी नहीं की थी कि ऐसा होगा। लेकिन निश्चित तौर पर उन्होंने सोच समझकर फैसला लिया होगा। आखिरकार उनका अपना कैरियर है। वह हमेशा दूसरों को प्रोत्साहित करते हैं। उनकी कमी निश्चित तौर पर खलेगी।"