दिल्ली में निर्वाचन आयोग के खिलाफ जारी विरोध प्रदर्शनों का असर वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन पर भी पड़ा है। रविवार को आयोजित होने वाली इस दौड़ के आयोजकों ने शुक्रवार को मार्ग में मामूली बदलाव की घोषणा की। नए मार्ग के तहत धावक रेल भवन, संसद मार्ग और पटेल चौक से होकर नहीं गुजरेंगे। इन स्थानों के आसपास पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रखी है। ये तीनों स्थान पिछले वर्षों में हाफ मैराथन के पारंपरिक मार्ग का हिस्सा रहे हैं।
10 से 13 किलोमीटर के बीच बदला गया मार्ग
आयोजकों के अनुसार, इस बार हाफ मैराथन के 10 से 13 किलोमीटर के बीच के हिस्से में बदलाव किया गया है। जारी बयान में कहा गया, 'इस वर्ष हाफ मैराथन के 10 से 13 किलोमीटर के बीच के मार्ग में मामूली बदलाव किया गया है।' नए मार्ग के अनुसार, धावक कर्तव्य पथ से बाईं ओर मुड़कर सेवा तीर्थ गोलचक्कर की ओर जाएंगे। इसके बाद मौलाना आजाद रोड पर बाईं ओर मुड़ेंगे और वहां से यू-टर्न लेंगे। फिर सेवा तीर्थ गोलचक्कर के आसपास से होते हुए रफी मार्ग पहुंचेंगे। यहां से दाईं ओर मुड़कर वे दोबारा कर्तव्य पथ पर आ जाएंगे। पहले धावक कर्तव्य पथ से दाईं ओर मुड़कर रेल भवन, संसद मार्ग और पटेल चौक की ओर जाते थे। इस बार संसद मार्ग से दौड़ की शुरुआत भी नहीं होगी।
विरोध प्रदर्शन के चलते पुलिस की बैरिकेडिंग
दिल्ली में निर्वाचन आयोग के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोग मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि देश में मतदाता सूचियों में हेरफेर किया गया है। इन प्रदर्शनों के बीच संबंधित इलाकों में पुलिस की बैरिकेडिंग को देखते हुए आयोजकों ने दौड़ के मार्ग में बदलाव किया है।
पुरुषों की दौड़ सुबह 5:18 बजे होगी शुरू
एलीट हाफ मैराथन में 21.09 किलोमीटर की पुरुषों की दौड़ सुबह 5:18 बजे शुरू होगी, जबकि महिलाओं की दौड़ सुबह 5:20 बजे शुरू होगी। पुरुष वर्ग में दो बार खिताब जीत चुके बिरहानु लेगेसे प्रमुख धावकों में शामिल हैं। वहीं, महिला वर्ग में 2022 की विजेता आइरीन चेपेट चेपटाई पर नजरें रहेंगी। एलीट स्पर्धा में भारत के 22 पुरुष और 20 महिला धावक हिस्सा लेंगे।
दिव्यांगों और वरिष्ठ नागरिकों की दौड़ का समय बदला
ओपन 10 किलोमीटर की दौड़ जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से शुरू होगी। वहीं, दिव्यांगों की 'चैंपियंस विद डिसेबिलिटी' रन और वरिष्ठ नागरिकों की दौड़ अब सुबह सात बजे के बजाय 6:30 बजे शुरू होगी। आयोजकों ने बताया कि प्रतिभागियों को मार्ग और समय में हुए बदलावों की जानकारी सोशल मीडिया, व्हाट्सऐप, ईमेल और एक्सपो के दौरान उपलब्ध कराए गए संदेशों के जरिए दी गई है। हालांकि, ग्रेट दिल्ली रन के मार्ग और दौड़ शुरू होने के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है।