अल्टीमेट टेबल टेनिस के चौथे सीजन में चेन्नई लायंस ने एकतरफा मुकाबले में गोवा चैलेंजर्स को 11-4 से हरा दिया। चेन्नई की जीत में सबसे अहम योगदान अनुभवी शरथ कमल का रहा। देश के सबसे बेहतरीन पैडलर में से एक अचंता शरथ कमल ने शनिवार को देश के शीर्ष क्रम के पुरुष एकल खिलाड़ी हरमीत देसाई को हराकर शानदार प्रदर्शन किया। अंतिम मैच में, यांग्जी लियू ने टी रीथ रिशिया को 2-1 से हराकर मौजूदा चैंपियन चेन्नई के लिए शानदार जीत दर्ज की।
मैच की शुरुआत से ही दोनों भारतीय पैडलर्स के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला और दर्शकों ने कुछ शीर्ष-स्तरीय टेबल टेनिस एक्शन का आनंद लिया। पहला गेम 11-9 से शरथ कमल के पक्ष में गया, जिन्होंने अपने सटीक खेल से हरमीत की आक्रामकता का मुकाबला किया। 13 बार के राष्ट्रमंडल खेलों के पदक विजेता ने अपनी लय आगे भी कायम रखते हुए दूसरे गेम में 11-9 से जीत हासिल कर ली और अपनी फ्रेंचाइजी के लिए आठवां विजयी अंक हासिल किया। शरत ने तीसरा गेम 11-8 से जीता।
मुकाबले के पहले मैच में चेन्नई लायंस के बेनेडिक्ट डूडा ने अल्वारो रोबल्स के खिलाफ रोमांचक मुकाबला खेला और 2-1 से जीत हासिल की। वर्ल्ड नंबर 33 ने अपने खेल की शानदार शुरुआत की और कुछ शक्तिशाली फोरहैंड खेलकर पहला गेम 11-5 से अपने नाम कर लिया। गोवा चैलेंजर्स के पैडलर ने अपने सटीक शॉट्स के साथ वापसी की और 11-8 से जीतकर मैच को रोमांचक मुकाबले में बदल दिया। तीसरा गेम काफी करीबी रहा जो 11-7 से डूडा के पक्ष में गया।
मुकाबले के दूसरे मैच में वर्ल्ड नंबर-39 गोवा चैलेंजर्स की सुथासिनी सावेटाबुत ने सुतीर्था मुखर्जी को 2-1 से हराया। भारतीय पैडलर, जो लीग में अपने आखिरी दो मैच हार गई थी, शुरुआत में अपने खेल में शीर्ष पर थी और उसने कुछ शुरुआती अंक लेकर सुथासिनी को परेशानी में डाल दिया। सुतिर्था ने थाई पैडलर के क्रूर फोरहैंड का तुरंत जवाब देते हुए पहला गेम 11-8 से जीत लिया। दूसरे गेम में भी दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली और उन्होंने बढ़त हासिल करने के लिए कुछ सटीक बैकहैंड फेंके। अंत में गेम प्वाइंट के जरिए गेम सुथासिनी के पक्ष में गया। सुतिर्था तीसरे गेम में सकारात्मक सोच के साथ आईं और उन्होंने शुरुआती 4-1 की बढ़त ले ली। इससे पहले कि गोवा चैलेंजर्स के पैडलर ने जोरदार वापसी की और शक्तिशाली फोरहैंड शॉट्स के इस्तेमाल से 5-4 की बढ़त ले ली। इसके बाद उन्होंने 11-6 से गेम जीतकर मैच में जीत हासिल की।
मुकाबले के तीसरे मैच में शरथ कमल और यांग्जी लियू ने हरमीत और सुथासिनी को 3-0 से करारी शिकस्त दी। शरथ और यांग्जी की जोड़ी ने शानदार तालमेल के साथ मैच की शुरुआत की और 11-6 से पहला गेम अपने नाम कर लिया। शरथ और यांग्जी की जोड़ी ने अगला गेम भी उसी स्कोर से जीत लिया। तीसरा गेम गोल्डन प्वाइंट के जरिए चेन्नई लायंस पैडलर्स के पक्ष में गया।