यूएस ओपन 2026 का मुख्य ड्रॉ रविवार से शुरू होने जा रहा है। टूर्नामेंट शुरू होने से पहले खिलाड़ियों ने न्यूयॉर्क में कैनबिस (गांजे) की तेज गंध को लेकर चिंता जताई है। ब्रिटेन की नंबर-1 खिलाड़ी कैटी बोल्टर समेत कई खिलाड़ियों का कहना है कि मैच और अभ्यास के दौरान आसपास से आने वाली इस गंध से उनका ध्यान भटकता है। न्यूयॉर्क में 21 वर्ष और उससे अधिक उम्र के वयस्कों के लिए इस नशीले पदार्थ का सेवन कानूनी है। यूएस ओपन का आयोजन यूएसटीए बिली जीन किंग नेशनल टेनिस सेंटर में होता है, जिसके आसपास के इलाकों से कई बार नशीली गंध टेनिस कोर्ट तक पहुंच जाती है।
'मैच के बीच में यह गंध नहीं चाहिए'
दुनिया की 60वें नंबर की खिलाड़ी कैटी बोल्टर ने बताया कि अभ्यास के दौरान उन्हें नशीली गंध कई बार महसूस होती है। उन्होंने कहा कि वह इसकी प्रशंसक नहीं हैं और मैच के दौरान ऐसी गंध उन्हें बिल्कुल पसंद नहीं आएगी। बोल्टर ने कहा, 'मैं इसकी बहुत बड़ी प्रशंसक नहीं हूं। मुझे पता है कि कई खिलाड़ियों ने कुछ खास कोर्ट को लेकर शिकायत की है। मैं पहले भी ऐसे कोर्ट पर खेल चुकी हूं और अपने मैच के दौरान भी इसकी गंध महसूस की थी।'
उन्होंने आगे कहा, 'मैं अपना ध्यान केंद्रित करने की कोशिश कर रही होती हूं और फिर यह आपको उस पल से बाहर कर देता है। आपको किसी तरह के भटकाव की जरूरत नहीं होती। इसलिए मैं इसकी बड़ी प्रशंसक नहीं हूं।' बोल्टर रविवार को अमेरिका की वाइल्डकार्ड खिलाड़ी कैरोल यंग सुह ली के खिलाफ अपने यूएस ओपन अभियान की शुरुआत करेंगी।
फ्रैन जोन्स ने सुनाया पिछले साल का अनुभव
ब्रिटेन की एक और खिलाड़ी फ्रैन जोन्स ने भी नशीले पदार्थ की गंध को लेकर अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि पिछले साल पहले दौर के मैच के दौरान उन्होंने मजाक में एक अधिकारी से पूछा था कि क्या कोर्ट के आसपास ऐसी गंध आना सामान्य है। जोन्स ने कहा कि उनका मैच स्टेडियम में था और वह पार्क के बिल्कुल पास है। अधिकारी ने उन्हें बताया कि ऐसी स्थिति सामान्य है। जोन्स यूएस ओपन के पहले दौर में पोलैंड की मैग्डा लिनेट का सामना करेंगी।
यूएसटीए ने कहा- हम सतर्क हैं
यूएस ओपन की आयोजक संस्था यूनाइटेड स्टेट्स टेनिस एसोसिएशन (यूएसटीए) ने भी खिलाड़ियों की शिकायतों पर प्रतिक्रिया दी है। संगठन का कहना है कि टूर्नामेंट परिसर के बाहर होने वाली गतिविधियों पर उसका नियंत्रण नहीं है, लेकिन वह इस मामले को लेकर सतर्क है। यूएसटीए ने एक बयान में कहा कि वह 'यूएसटीए बिली जीन किंग नेशनल टेनिस सेंटर के बाहर क्या होता है, उसे नियंत्रित नहीं कर सकती, लेकिन इस मामले को लेकर लगातार सतर्क है।'
पहली बार नहीं उठी है नशीले पदार्थ की गंध की शिकायत
- यूएस ओपन में नशीले पदार्थ की गंध को लेकर खिलाड़ियों की शिकायत नई नहीं है। पिछले साल दुनिया के 20वें नंबर के खिलाड़ी कैस्पर रुड ने न्यूयॉर्क की इस समस्या पर नाराजगी जताते हुए इसे शहर की सबसे खराब चीज बताया था। इससे पहले 2022 में ऑस्ट्रेलियाई स्टार निक किरगियोस ने कोर्टसाइड पर एक दर्शक के धूम्रपान करने के बाद शिकायत की थी। उन्होंने कहा था कि इससे उनका अस्थमा ट्रिगर हो गया।
- वहीं, 2023 यूएस ओपन के दौरान ग्रीस की स्टार मारिया सक्कारी ने भी अपने मैच के दौरान नशीले पदार्थ की गंध महसूस होने की शिकायत सार्वजनिक रूप से की थी। इस तरह यूएस ओपन 2026 के शुरू होने से पहले खिलाड़ियों की यह चिंता एक बार फिर चर्चा में है। हालांकि न्यूयॉर्क में कैनबिस कानूनी होने के कारण आयोजकों के सामने टूर्नामेंट परिसर के बाहर से आने वाली गंध को पूरी तरह रोकना एक चुनौती बना हुआ है।