मराब ने वीडियो साझा कर सुनाई आपबीती
खून से सने चेहरे के साथ वीडियो में मराब ने हमलावरों के तरीके पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, 'हम यहां अबू धाबी में सिर्फ दो लोग आए थे और उस्मान नूरमगोमेदोव अपने दोस्तों के साथ सांपों की तरह पीछे से आ गए। आप किस तरह के फाइटर हैं? अगर बात करनी है या लड़ना है तो सामने आकर लड़िए। हम दो थे और आप 12 से 15 लोग। पीछे से हमला कौन करता है?'
उन्होंने आगे कहा, 'हम खून बहाते हैं, लड़ते हैं और योद्धा हैं। लेकिन आप लोग छिपकर हमला करने वाले कायर हैं। अगर लड़ना है तो सामने आकर लड़िए। मैं ठीक हूं और अपने दोस्तों और परिवार को बताना चाहता हूं कि मैं एक फाइटर हूं। मेरे लिए यह कोई बड़ी बात नहीं है।' मराब ने यह भी आरोप लगाया कि हमलावरों ने उन्हें और उनके साथी को जमीन पर गिरने के बाद भी पीछे से लातें मारीं।
मखाचेव ने मराब को ही ठहराया जिम्मेदार
वहीं, इस्लाम मखाचेव ने अपने पुराने साथी उस्मान नूरमगोमेदोव का बचाव किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि मराब ने पहले भी एक दागेस्तानी पहलवान के साथ मारपीट की थी और उसका अपमान किया था। मखाचेव ने कहा, 'जो लोग अब उस्मान और उसके साथियों की आलोचना कर रहे हैं और उन्हें बुरा-भला कह रहे हैं, वे तब चुप क्यों थे, जब मराब ने बिना किसी वजह के एक दागेस्तानी पहलवान को मारा और उसके सम्मान का अपमान किया? वह व्यक्ति उससे सिर्फ बात करने आया था और उसका कोई गलत इरादा नहीं था।' उन्होंने आगे लिखा, 'आज जो हुआ, उसकी शुरुआत मराब ने अपने ही देश में की थी, जब उसने एक मेहमान को मारने और उसकी मां का अपमान करने का फैसला किया था।'