भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा ने लंदन ओलंपिक में टेनिस में मिलने वाले पदकों की भविष्यवाणी पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया लेकिन कहा कि वह अपनी ओर से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगी।
यहां आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा, ‘मेरे हिसाब से अभी पदकों की भविष्यवाणी करना गलत होगा। अभी हम सभी पर लंदन जाने का दबाव है। हम पदकों का वादा नहीं कर सकते लेकिन अपनी ओर से शत प्रतिशत करने का जरूर वादा करती हूं।’ सानिया लंदन ओलंपिक के महिला डबल्स में रश्मि चक्रवर्ती जबकि मिक्स्ड डबल्स में लिएंडर पेस के साथ भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
कार्यक्रम में मौजूद अजय माकन से जब लंदन में भारत की संभावनाओं के बारे में पूछा गया तो उनका जवाब था, ‘मैं इस बारे में अभी कुछ भी नहीं कहूंगा क्योंकि इस बार काफी एथलीटों ने क्वालीफाई किया है इसलिए अभी कुछ भी कहना उचित नहीं होगा। पिछली बार बीजिंग ओलंपिक में 50 खिलाड़ियों ने क्वालीफाई किया था जबकि इस बार 81 ने क्वालीफाई किया है।’