मेलबर्न में हो रहे ऑस्ट्रेलिया मेन्स ओपेन के फ़ाइनल मैच में स्विट्जरलैंड के खिलाड़ी स्टानिसलास्टान वावरिंका ने भारी उलटफेर करते हुए शीर्ष टेनिस खिलाड़ी स्पेन के रफ़ाएल नडाल को हरा दिया है।
वावरिंका का यह पहला ग्रैंड स्लैम ख़िताब है। उन्होंने नडाल को सीधे सेटों में 6-3, 6-2, 3-6, 6-3 से हराकर जीत दर्ज की।
पहले दो सेटों में प्रतिद्वंद्वी वावरिंका से मात खाने के बाद नडाल ने मैच में वापसी करते हुए तीसरे सेट में जीत दर्ज की। मगर पीठ के दर्द ने उनकी फ़ुर्ती को काफ़ी बाधित कर दिया था।इस मैच में नडाल अपनी पीठ दर्द से जूझते नज़र आए।
यदि यह नडाल यह ग्रैंड स्लैम जीत लेते तो वो टेनिस इतिहास के शीर्ष खिलाड़ियों में शामिल हो जाते।
फ़ाइनल मुक़ाबले के पहले सेट में वावरिंका ने शुरुआत में ही तीन ब्रेक प्वाइंट बचाने के बाद इस सेट की जीत पक्की कर ली थी।
दूसरे सेट में नडाल को पीठ दर्द के कारण दिक़्क़त आने लगी थी और वो कुछ देर के लिए कोर्ट से बाहर फ़िज़ियोथेरेपी के लिए गए।
यह सेट हारने के बाद जब वह दोबारा कोर्ट पर लौटे, तो कुछ फ़ुर्ती भरे शॉट्स उन्होंने दिखाए, लेकिन उनके मूवमेंट्स काफ़ी हद तक बाधित लगे।
नडाल के प्रतिद्वंद्वी और आठवीं वरीयता वाले खिलाड़ी वावरिंका अपने ज़बर्दस्त फ़ॉर्म में दिखे और उन्होंने शानदार शॉट्स लगाए।