नोवाक जोकोविच ने वर्ष 2020 में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए आसान जीत के साथ यूएस ओपन टेनिस टूर्नामेंट के तीसरे दौर में प्रवेश कर लिया। सर्बियन सुपरस्टार को भले ही पहले सेट में हार का सामना करना पड़ा हो, लेकिन फिर ब्रिटेन के कायल एडमंड पर एकतरफा अंदाज में 6-7 (5/7), 6-3, 6-4, 6-2 जीत भी हासिल की। रोजर फेडरर और राफेल नडाल की गैरमौजूदगी में जोकोविच साल के आखिरी ग्रैंडस्लैम के सबसे मजबूत उम्मीदवार हैं। 33 वर्षीय विश्व के नंबर एक खिलाड़ी जोकोविच 17 टाइटल के साथ सर्वाधिक सिंगल ग्रैंडस्लैम विजेताओं की सूची में तीसरे स्थान पर है। जबकि स्पेन के राफेल नडाल (19) दूसरे और स्विटरजरलैंड के रोजर फेडरर (20) पहले मुकाम पर हैं।
महिला वर्ग में शीर्ष वरीयता प्राप्त कारोलिना पिलिसकोवा दूसरे दौर से आगे नहीं बढ़ पाईं। पिलिसकोवा का सफर दूसरे दौर में थम गया, उनके पास दूसरे सेट में दो सेट प्वाइंट थे, लेकिन वह उनका फायदा नहीं उठा पाईं। फ्रांस की कारोलिन गर्सिया ने उन्हें 6-1, 7-6 (2) से पराजित किया। इस बीच 2018 की चैंपियन नाओमी ओसाका को कामिला जियोर्जी पर 6-1, 6-2 से जीत दर्ज करने में कोई परेशानी नहीं हुई, लेकिन 2016 की चैंपियन एंजेलिक कर्बर ने अन्ना लेना फ्रीडसम के खिलाफ एक घंटा 40 मिनट कोर्ट पर बिताए, उन्होंने यह मैच 6-3, 7-6 (6) से जीता।
छठी वरीयता प्राप्त पेत्रा क्वितोवा ने कैटरीना कोजलोवा को 7-6 (3), 6-2 से हराकर तीसरे दौर में प्रवेश किया। पुरुष वर्ग में चौथी वरीयता प्राप्त स्टेफेनोस सिटसिपास ने अमेरिका के 168वीं रैंकिंग के मैक्सिम क्रेसी को 7-6 (2), 6-3, 6-4 से हराकर तीसरे दौर में जगह बनाईं। जर्मनी के पांचवीं वरीयता प्राप्त अलेक्सांद्र ज्वेरेव ने अमेरिका के वाइल्ड कार्ड से प्रवेश पाने वाले ब्रैंडन नकाशिमा को 7-5, 6-7 (8), 6-3, 6-1 से पराजित किया, उन्होंने दूसरा सेट टाईब्रेकर में गंवाने के बाद अपनी तीखी सर्विस से अपने 19 वर्षीय प्रतिद्वंद्वी को पस्त किया।