पुरुष वर्ग में ज्वेरेव ने अपनी दमदार सर्विस के दम पर पहली बार यूएस ओपन के क्वार्टर फाइनल में जगह सुरक्षित की। जेवेरेव ने स्पेन के अलेक्सांद्रो डेविडोविच फोकिना पर 6-2, 6-2, 6-1 से जीत के दौरान 18 ऐस जमाए। वह 2007 में टॉमी हास के बाद यूएस ओपन क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाले पहले जर्मन खिलाड़ी हैं। ज्वेरेव अगले दौर में क्रोएशिया के 27वें वरीय बोर्ना कोरिच का सामना करेंगे। कोरिच ने ऑस्ट्रेलिया के जोर्डन थॉमसन को 7-5, 6-1, 6-3 से हराकर पहली बार ग्रैंडस्लैम क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की की।
कनाडा के 12वें वरीय डेनिस शापोवलोव ने सातवीं वरीयता प्राप्त डेविड गॉफिन को 6-7 (0), 6-3, 6-4, 6-3 को हराकर पहली बार किसी ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। उनका अगला मुकाबला पाब्लो कारेनो बस्टा से होगा, जिन्होंने विश्व के नंबर एक नोवाक जोकोविच को लाइन जज पर गेंद मारने के कारण निष्कासित किए जाने के बाद अंतिम आठ में प्रवेश किया।