कई युवा खिलाड़ी पुरूष टेनिस के ‘बिग थ्री’ का दबदबा तोड़ने की उम्मीद करेंगे, लेकिन नोवाक जोकोविच, राफेल नडाल और रोजर फेडरर अमेरिका ओपन के प्रबल दावेदार बने रहेंगे। शीर्ष रैंकिंग के खिलाड़ी जोकोविच, 20 बार के ग्रैंडस्लैम चैम्पियन फेडरर और स्पेनिश सुपरस्टार नडाल ने मिलकर यहां पिछले 11 ग्रैंडस्लैम खिताब हासिल किए हैं।
भारतीय टेनिस खिलाड़ी सुमित नागल अंतिम क्वालीफाइंग दौर में जीत हासिल कर अमेरिका ओपन के पहले दौर में सोमवार को सर्वकालिक महान खिलाड़ियों में से एक रोजर फेडरर से भिड़ने का हक पाया जो उनके लिए ग्रैंडस्लैम में स्वप्निल डेब्यू होगा।
गत चैम्पियन जोकोविच 17वें करियर ग्रैंडस्लैम खिताब पर निगाह लगाए होंगे। उन्होंने पिछले पांच में से चार ग्रैंडस्लैम जीते हैं, जून में फ्रेंच ओपन फाइनल में उन्हें नडाल से हार मिली थी। 32 साल के सर्बियाई खिलाड़ी ने कहा कि उन्होंने पिछले कुछ समय में खिताब बचाने के अतिरिक्त दबाव से निपटना सीख लिया है।
33 साल के नडाल ने रोम, फ्रेंच ओपन और मांट्रियल में खिताबी जीत से शानदार प्रदर्शन किया है, वह विम्बलडन के सेमीफाइनल में फेडरर से हार गए थे। दूसरी रैंकिंग पर काबिज नडाल ने जून में 12वां फ्रेंच ओपन खिताब जीता था।
18 बार के ग्रैंडस्लैम विजेता नडाल हालांकि फेडरर और जोकोविच दोनों ड्रा के दूसरे हाफ में होने से उत्साहित नहीं हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे अपने मैच जीतने होंगे क्योंकि तभी मैं सेमीफाइनल में उनसे भिड़ सकता हूं। मुझे इससे पहले काफी काम करना होगा।
ऑस्ट्रिलयाई के चौथे वरीय डोमिनिक थिएम रोलां गैरां फाइनल में नडाल से हार गए थे और वह भी खतरा बन सकते हैं। जर्मनी के छठी रैंकिंग के एलेक्जैंडर ज्वेरेव ने चेताया कि कम वरीयता प्राप्त खिलाड़ियों की अनदेखी करना सही नहीं होगा जिसमें जापान के सातवें वरीय केई निशिकोरी और यूनान के आठवीं रैंकिंग के स्टेफानोस सिटसिपास शामिल हैं।