सात बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन अमेरिका की अनुभवी महिला टेनिस खिलाड़ी वीनस विलियम्स साल के चौथे और अंतिम ग्रैंड स्लैम यूएस ओपन के सेमीफाइनल में प्रवेश कर गई हैं। वीनस इस प्रतिष्ठित ग्रैंड स्लैम के इतिहास में अंतिम-4 में पहुंचने वाली सबसे उम्रदराज खिलाड़ी भी बन गई हैं। महिला एकल के क्वार्टर फाइनल में वीनस ने दो बार की विंबलडन चैंपियन चेक गणराज्य की पेत्रा क्वीतोवा को 6-3, 3-6, 7-6 (7/2) से पराजित किया।
नौवीं सीड वीनस यूएस ओपन में तीसरी बार चैंपियन बनने के इरादे से कोर्ट पर उतरी हैं। सेमीफाइनल में वीनस का सामना 83वीं रैंक की हमवतन स्लोवाने स्टीफंस से होगा। बाएं पैर में चोट के कारण 11 महीने कोर्ट से दूर रहीं स्टीफंस ने एक अन्य क्वार्टर फाइनल मैच में 16वीं सीड लात्विया की अनास्तासिया सेवास्तोवा को 6-3, 3-6, 7-6 (7/4) से शिकस्त दी।
वीनस इस जीत के साथ जनवरी, 2011 के बाद पहली बार शीर्ष पांच में पहुंच जाएंगी। वीनस पूर्व खिलाड़ी मार्टिना नवरातिलोवा के बाद किसी ग्रैंड स्लैम सेमीफाइनल में पहुंचने वाली सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गई हैं। इससे पहले नवरातिलोवा ने 1994 में विंबलडन में यह उपलब्धि हासिल की थी। वीनस इस वर्ष विंबलडन और ऑस्ट्रेलियन ओपन में उप विजेता रही थीं और उनके पास 2002 के बाद तीन ग्रैंड स्लैम फाइनल में पहुंचने का बेहतरीन मौका है।
जीत के बाद वीनस ने कहा, यह मैच मेरे लिए बहुत अहम था क्योंकि मैं अपने घर में खेल रही थी जो ग्रैंड स्लैम का हिस्सा है। अमेरिकी टेनिस के लिए पिछले दो सप्ताह बेहतरीन रहे हैं। स्थानीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। स्टीफंस और मेरे बीच मुकाबला रोमांचक होगा।
एंडरसन के सामने होंगे बुस्ता
दक्षिण अफ्रीका के केविन एंडरसन पुरुषों के एकल वर्ग के सेमीफाइनल में प्रवेश कर गए हैं जहां उनका सामना 12वीं सीड पाब्लो कैरेनो बुस्ता से होगा। एंडरसन पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम के अंतिम-4 में पहुंचने में सफल रहे हैं। उन्होंने क्वार्टर फाइनल में स्थानीय खिलाड़ी सैम क्वेरी को 7-6, 6-7, 6-3, 7-6 से पराजित किया। बुस्ता ने अर्जेंटीना के डिएगो श्वार्टजमैन को 6-4, 6-4, 6-2 से हराकर अंतिम-4 में प्रवेश किया।