स्विट्जरलैंड के स्टेनिस्लास वावरिंका के फ्रेंच ओपन विजेता होने का अनुमान कम ही लोगों ने लगाया होगा। स्विस खिलाड़ी ने रविवार को गजब का खेल दिखाते दुनिया के नंबर एक सर्बिया के नोवाक जोकोविच को तीन घंटे 12 मिनट चले फाइनल में 4-6, 6-4, 6-3, 6-4 से हराकर अपने कैरियर का दूसरा ग्रैंड स्लैम खिताब जीत लिया।
इस सीजन में अब तक क्लेकोर्ट पर अजेय रहे जोकोविच का फाइनल में मिली हार से सपना चूर-चूर हो गया। कैरियर ग्रैंड स्लैम पूरा करने के लिए जोकोविच का इंतजार अब और बढ़ गया है। आठ ग्रैंड स्लैम जीत चुके जोकोविच अब तक सिर्फ फ्रेंच ओपन की चमचमाती ट्रॉफी ही नहीं उठा पाए हैं। रोला गैरां की लाल बजरी पर जोकोविच 2012 और 2014 के बाद तीसरा फाइनल हारे हैं। तीस वर्षीय वावरिंका पिछले 25 साल में फ्रेंच ओपन जीतने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं।
स्विटजरलैंड के दूसरे ऐसे खिलाड़ी
सेमीफाइनल में जब वावरिंका ने मेजबान फ्रांस के जो विल्फ्रेड सोंगा को हराया था तब दर्शक उनके साथ नहीं थे मगर टॉप सीड जोकोविच के खिलाफ वही वावरिंका दर्शकों के फेवरिट हो गए थे। 2003 में जूनियर फ्रेंच ओपन चैंपियन रहे स्विस खिलाड़ी ने दूसरे मैच प्वाइंट पर 60 वां विनर लगाते हुए खिताब जीत लिया।
रोजर फेडरर के बाद फ्रेंच ओपन जीतने वाले वावरिंका स्विट्जरलैंड के दूसरे खिलाड़ी हैं। फेडरर ने 2009 में यह खिताब जीता था और इस साल वावरिंका ने ही क्वार्टर फाइनल में फेडरर को बाहर किया था। जोकोविच ने पहले सेट में अच्छा खेल दिखाया। वावरिंका के डबल फाल्ट पर उन्होंने तीसरा ब्रेक प्वाइंट लिया।
ब्रेक प्वाइंट को भुनाया
दो सेट प्वाइंट गंवाए लेकिन तीसरे सेट प्वाइंट पर वावरिंका का फोरहैंड बाहर चला गया। दूसरे सेट में वावरिंका का खेल गड़बड़ाना शुरू हो गया था। कई मौके गंवाने के बाद वावरिंका ने ब्रेक प्वाइंट भुनाया और दूसरे सेट में बराबरी कर ली। तीसरे सेट में वावरिंका ने 4-2 की बढ़त बनाते हुए फोरहैंड विनर लगाया और जोकोविच के खराब रिटर्न के साथ तीसरा सेट भी जीत लिया।
चौथे सेट में जोकोविच एक समय 3-0 से आगे हो गए थे। स्टेन ने दूसरे गेम में ब्रेक प्वाइंट दे दिया था लेकिन तुरंत ही पलटवार करते हुए स्कोर 4-3 कर दिया। वावरिंका ने अंतत: 5-4 पर जोरदार बैंकहैंड शॉट से मैच अपने कब्जे में कर लिया।
मैंने अपने जीवन का बड़ा मैच खेला, जीत का सहज विश्वास नहीं हो रहा। जोकोविच के खिलाफ खेलना बड़ी चुनौतियों में से एक है। मैं जानता था कि रोला गैरां में जीत उनके लिए क्या मायने रखती।