सोमदेव देववर्मन की डेविस कप टीम में वापसी हो गई है। ऑल इंडिया टेनिस एसोसिएशन की चयन समिति ने शनिवार को इंडोनेशिया के खिलाफ होने वाले टाई के लिए लिएंडर पेस के साथ सोमदेव, यूकी भांबरी और सनम सिंह का चयन किया। लेकिन, उम्मीदों के मुताबिक महेश भूपति और रोहन बोपन्ना को टीम से बाहर रखा गया है। पांच से सात अप्रैल तक बंगलूरू में होने वाले इस टाई के लिए खिलाड़ियों की मांग के बावजूद आईटा ने बतौर कप्तान एसपी मिश्रा को बहाल रखा है। जीशान अली भी कोच बने रहेंगे।
यही नहीं टीम का फीजियो भी आईटा मेडिकल कमीशन के चेयरमैन डॉ वेस पेस की टीम से होगा। आईटा ने टीम की घोषणा के साथ ही खिलाड़ियों को यह भी साफ संदेश दे दिया है कि चयन के मामलों में उनकी नहीं सुनी जाएगी। उल्लेखनीय है कि खिलाड़ियों ने कप्तान, कोच और फीजियो को बदलने की मांग की थी। आईटा की ओर से कहा गया था कि टीम का चयन रैंकिंग के हिसाब से होगा लेकिन भूपति (10) और बोपन्ना (12) रैंकिंग के हिसाब से टीम में फिट बैठते थे।
आईटा के सेक्रेटरी जनरल भरत ओझा ने तर्क दिया कि पेस (आठ) नंबर एक डबल्स खिलाड़ी हैं। उनके साथ इनमें से एक ही खिलाड़ी का चयन किया जा सकता था। ऐसे में चयन समिति ने निर्णय लिया कि पेस के जोड़ीदार के रूप में ऐसे खिलाड़ी को चुना जाए जो अनहोनी की स्थिति में सिंगल्स खेलने में भी सक्षम हो। इसे ध्यान में रखते हुए सनम सिंह का चयन किया गया है।
हालांकि विष्णु वर्धन से भी चयन के बारे में बात की गई थी लेकिन उन्होंने घुटने की चोट का हवाला देते हुए अपने को अनुपलब्ध बताया। कोरिया के खिलाफ टाई में खेलने वाले विजयंत मलिक को श्रीराम बालाजी के साथ रिजर्व में रखा गया है। रामानाथन रामकुमार टीम के साथ प्रैक्टिस के लिए चुने गए हैं। पेस के साथ डबल्स में कोरिया के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करने वाले पूरव राजा को नजरअंदाज कर दिया गया।