देश के शीर्ष एकल खिलाड़ी सोमदेव देववर्मन ताजा एटीपी रैंकिंग में चार स्थान की छलांग के साथ 96वें नंबर पर आ गए हैं जबकि यूकी भांबरी दो स्थान के सुधार के साथ अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग पर पहुंच गए हैं।
दिल्ली ओपन में खेलने जा रहे सोमदेव की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग 62वीं है जो उन्होंने अगस्त 2011 में हासिल की थी।
भांबरी दो स्थान के सुधार के साथ अब 143वें स्थान पर पहुंच गए हैं जो उनकी करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है।
युगल रैंकिंग में लिएंडर पेस 10वें स्थान पर बरकरार हैं जबकि रोहन बोपन्ना दो स्थान गिरकर अब 15वें स्थान पर आ गए हैं। महेश भूपति अपने 39वें स्थान पर बरकरार हैं। महिला युगल रैंकिंग में सानिया मिर्जा अपने नौवें स्थान पर बनी हुई हैं।
वहीं, एशिया के नंबर एक खिलाड़ी जापान के केई निशिकोरी एक स्थान के सुधार के साथ 15वें स्थान पर पहुंच गए हैं।