कोरोना वायरस की वजह से विश्व की नंबर दो टेनिस खिलाड़ी सिमोना हालेप यूएस ओपन में भाग नहीं लेंगी। इसी के साथ रोमानिया की यह खिलाड़ी रैंकिग में नंबर एक एश्ले बार्टी, गतविजेता बियांका एंड्रीस्कु, एलिना स्वितोलिना, किकी बर्टेंस, बेलिंडा बेनकिक जैसी महिला खिलाड़ियों के उस क्लब में शामिल हो गई जो 31 अगस्त से शुरू होने जा रहे ग्रैंडस्लैम में नहीं खेलेंगी। बीते हफ्ते प्राग ओपन जीतने वाली सिमोना हालेप के अलावा पुरुष गतविजेता राफेल नडाल भी कोरोना महामारी की वजह से बंद दरवाजे के पीछे खेले जाने वाले इस बड़़े इवेंट में भाग नहीं ले रहे। जबकि स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर चोट के कारण इस साल कोई टूर्नामेंट नहीं खेलेंगे।
सिमोना ने ट्वीट किया, 'कोरोनावायरस के कारण दुनियाभर में बने हालात को देखते हुए मैंने यूएस ओपन के लिए न्यूयॉर्क नहीं जाने का फैसला किया है। मैंने हमेशा ही कहा है कि मेरे लिए अपनी सेहत सबसे ज्यादा जरूरी है। मैं यूरोप में रहकर ही ट्रेनिंग करूंगी। मैं जानती हूं कि यूनाइटेड स्टेट टेनिस एसोसिएशन और डब्ल्यूटीए वीमन्स टेनिस एसोसिएशन)ने टूर्नामेंट को सुरक्षित आयोजित करवाने के लिए बहुत अच्छा काम किया है।'