सात विम्बलडन खिताब जीतने वाली टेनिस स्टार सेरेना विलियम्स (35) शादी करने जा रही हैं। उन्होंने रेडिट के को-फाउंडर एलेक्सिस ओहानियन (33) से सगाई की है। सेरेना और एलेक्सिस 2 सालों से एक दूसरे को डेट कर रहे थे। अपने रेडिट अकाउंट पर एक कविता के साथ उन्होंने यह जानकारी दी। एलेक्सिस, सेरेना से उम्र में दो साल छोटे हैं। हालांकि अभी इन्होंने शादी की तारीख की घोषणा नहीं की है।
सेरेना ने इस संबंध में पोस्ट किया, “मैं घर थोड़ा देर से पहुंची। वहां मैंने देखा कि किसी ने मेरा बैग पैक कर रखा था और उस पर लिखा था कि हम रोम जा रहे हैं। वहां जहां पहली बार हम लोग एक टेबल पर संयोग से मिले थे। बस फर्क सिर्फ इतना है कि इस बार हम अपनी पसंद से फिर से उसी जगह जा रहे हैं। उस शख्स ने घुटनों के बल बैठकर मुझसे वो चार शब्द कहे और मैंने बदले में हां कहा।”
उसके बाद एलेक्सिस के अकाउंट के हवाले से कहा गया, “और तुमने मुझे इस धरती का सबसे खुशनसीब आदमी बनाया।”
कई रिकॉर्ड हैं सेरेना के नाम!
सेरेना विलियम्स
- फोटो : getty
उसके बाद डब्ल्यूटीए टूर ने विलियम्स और ओहानियन की एक फोटो ट्विटर पर डालते हुए इस जोड़े को सगाई की बधाइयां दी। उल्लेखनीय है कि डब्ल्यूटीए खिताबों में सेरेना का दबदबा रहा है।
इस साल सेरेना ने विम्बंलडन खिताब जीता है जोकि उनके करियर का 71वां सिंगल्स खिताब है। इनमें से 22 ग्रांड स्लैम सिंगल्स खिताब उनके नाम दर्ज हैं। इस रिकॉर्ड के साथ उन्होंने टेनिस खिलाड़ी स्टेफी ग्राफ के रिकॉर्ड की बराबरी की है।
लगातार 186 सप्ताह तक दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी रहने का रिकॉर्ड भी सेरेना ने बनाया है। इस लिहाज से टेनिस रैंकिंग में सबसे लंबे समय तक नंबर वन पर बने रनहे का रिकॉर्ड उन्होंने स्टेफी ग्राफ के बाद बनाया है। इसी सितंबर में एंजेलीक कर्बर ने उनको हटाते हुए शीर्ष वरीयता हासिल की।