वर्ल्ड नंबर वन सेरेना विलियम्स को अपने 18वें ग्रैंड स्लैम के लिए ज्यादा संघर्ष नहीं करना पड़ा और आसानी से मुकाबला जीतकर खिताब अपने नाम कर लिया।
32 साल की सेरेना ने साल के अंतिम और चौथे ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट यूएस ओपन के फाइनल में डेनमार्क की कैरोलीन वोजानयस्की को सीधे सेटों में 6-3, 6-3 से हरा दिया। अमेरिका की सेरेना ने यूएस ओपन के महिला एकल वर्ग में लगातार तीसरी बार और कुल छठी बार खिताबी जीत हासिल की है।
इस जीत के साथ ही सेरेना ने मार्टिना नवरातिलोवा और क्रिस एवर्ट के 18 ग्रैंड स्लैम एकल खिताब के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।
सेरेना के लिए यह साल ग्रैंड स्लैम के लिहाज से अच्छा नहीं रहा था और वह चौथे दौर से आगे नहीं बढ़ सकी थीं। अमेरिका की इस दिग्गज खिलाड़ी ने 1999 में 17 साल की उम्र में पहली बार यूएस ओपन खिताब जीता था।
दूसरी ओर, 24 साल की वोजनयस्की जो 2010 और 2011 में 67 हफ्तों के लिए दुनिया की नंबर वन खिलाड़ी रहीं, उनके लिए यह दूसरा ग्रैंड स्लैम फाइनल था। इससे पहले वह 2009 में यूएस ओपन में ही फाइनल में पहुंची थी।
ब्रायन बंधु ने जीता 100वां खिताब
अमेरिका के ब्रायन बंधु बॉब और माइक ने स्पेन के मार्सेल ग्रानोलर्स और मार्क लोपेज की जोड़ी को 6-3, 6-4 से हराकर करियर का 100वां खिताब जीता।
इस तरह डबल्स वर्ग में किसी एक जोड़ीदार के साथ 100 खिताब जीतने वाले दोनों दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। अमेरिका के टॉप सीड माइक और बॉब का यह पांचवां यूएस ओपन खिताब है।
दोनों का यह इस साल का पहला और कुल 16वां ग्रैंड स्लैम खिताब है। पिछले 10 साल से दोनों लगातार किसी न किसी ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंटों में लगातार खिताब जीतते आ रहे हैं।