दुनिया की नंबर एक सेरेना विलियम्स और राफेल नदाल सहित शीर्ष वरीय खिलाड़ियों ने मियामी ओपन टेनिस टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है।
छह बार की मियामी चैंपियन अमेरिका की सेरेना, ऑस्ट्रेलियन ओपन चैंपियन चीन की ली ना, तीसरी सीड पोलैंड की एग्निएस्का रद्वांस्का, पांच बार की उपविजेता रूस की मारिया शारापोवा और पांचवीं सीड जर्मनी की एंजेलिक केर्बर अंतिम आठ में पहुंच गई हैं।
लेकिन तीन बार की मियामी चैंपियन अमेरिका की वीनस विलियम्स का सफर समाप्त हो गया।
चोटी के खिलाड़ी स्पेन के नदाल ने अपना शानदार प्रदर्शन बरकरार रखते हुए उज्बेकिस्तान के डेनिस इस्तोमिन को 6-1, 6-0 से रौंद कर जबकि ऑस्ट्रेलियन ओपन चैंपियन स्विट्जरलैंड के स्टानिसलास वावरिंका ने फ्रांस के एडवर्ड रोजर वेसेलिन को 7-5, 6-4 से हराकर चौथे दौर में प्रवेश कर लिया।
नदाल तीन बार मियामी के फाइनल में पहुंचे हैं लेकिन कभी यह खिताब नहीं जीत पाए।