दो बार के चैंपियन तथा पांचवीं सीड स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर, गत चैंपियन ब्रिटेन के एंडी मरे और महिलाओं में दूसरी सीड चीन की ली ना ने अपने-अपने सिंगल्स मुकाबले जीतकर मियामी मास्टर्स टेनिस टूर्नामेंट के चौथे दौर में प्रवेश कर लिया है।
मियामी में खेले जा रहे टूर्नामेंट में पांचवीं सीड स्विट्जरलैंड के फेडरर ने पुरुष एकल के तीसरे राउंड में नीदरलैंड के थिएमो डी बाकेर को सीधे सेटों में 6-3, 6-3 से हराया।
जबकि छठी सीड एंडी मरे ने 32वीं सीड स्पेन के फेलिसियानो लोपेज को आसान सेटों में 6-4, 6-1 से हराकर चौथे दौर में प्रवेश किया।
विश्व के दूसरे नंबर के खिलाड़ी सर्बिया के नोवाक जोकोविच को तीसरे राउंड में अपने विपक्षी खिलाड़ी जर्मनी के फ्लोरियन मेयर के मैच छोड़ने से वॉकओवर मिल गया जबकि चौथी सीड स्पेन के डेविड फेरर ने इटली के आंद्रियास सेप्पी को 6-3, 6-2 से हराकर तीसरे राउंड का मैच जीता।
महिलाओं में इस वर्ष की ऑस्ट्रेलियन ओपन चैंपियन और विश्व की दूसरी नंबर की खिलाड़ी ली ना ने अमेरिका की मेडिसन की को 7-6, 6-3 से हराया।
29वीं सीड अमेरिकी खिलाड़ी वीनस विलियम्स ने भी अपने विजयी अभियान को जारी रखते हुए ऑस्ट्रेलिया की कैसी डैलेक्युआ को तीन सेटों में 6-4, 5-7 6-4 से हराया।