सानिया मिर्जा और उनकी जोड़ीदार बारबोरा स्ट्राइकोवा का यूएस ओपन ग्रैंड स्लैम के महिला युगल वर्ग में विजय अभियान जारी है।
भारत और चेक गणराज्य की इस जोड़ी ने अमेरिका की निकोल गिब्स और जापान की नाओ हिबिनो की जोड़ी को 6-4,7-5 से पराजित कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है।
सातवीं सीड सानिया और बारबोरा का सामना क्वार्टर फाइनल में टॉप सीड फ्रांस की कारोलाइन गार्सिया और क्रिस्टीना म्लाडेनोविक की जोड़ी से होगा। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में सानिया के रूप में एक मात्र भारतीय चुनौती बची हुई है क्योंकि रोहन बोपन्ना और लिएंडर पेस अपने-अपने जोड़ीदारों के साथ मिश्रित युगल से बाहर हो चुके हैं।
मौजूदा चैंपियन पेस और उनकी स्विस जोड़ीदार मार्टिना हिंगिस को दूसरे दौर में अमेरिका की सातवीं सीड कोको वांडेवेघे और राजीव राम की जोड़ी ने हराकर बाहर कर दिया था, जबकि सोमवार को बोपन्ना और उनकी जोड़ीदार गैब्रिएला डाबरोवस्की भी मिश्रित युगल के क्वार्टर फाइनल में हार गई थी।