भारत की सानिया मिर्जा और स्पेन की नूरिया लागोस्टोरा की जोड़ी टोरे पेन पैसिफिक ओपन टेनिस टूर्नामेंट महिला डबल्स मुकाबलों के पहले ही दौर में बाहर हो गई। दूसरी सीड सानिया-नूरिया को क्रोएशिया की दारिजा जूरेक और हंगरी की कातालिन मारोसी की जोड़ी ने 6-0, 4-6, 10-8 से हराया। हालांकि पहला सेट हारने के बाद सानिया-नूरिया ने दूसरा सेट जीतकर अच्छी वापसी की लेकिन तीसरे सेट में यह जोड़ी टाईब्रेकर में हार गई।
ली टोक्यो ओपन के अंतिम-16 में
चीन ली-ना ने पेन पैसिफिक टेनिस टूर्नामेंट के अंतिम-16 में जगह बना ली है। ली ने रूस की अनास्तासिया पावल्युचेनको को 7-5, 4-6, 6-2 से शिकस्त दी। सौ फीसदी फिट न होने के बावजूद ली-ना ने यह मैच जीता। उन्होंने कहा, ‘मैं सौ फीसदी स्वस्थ नहीं हूं और प्रत्येक सुबह और रात कफ की दवाई ले रही हूं।’ 2011 की विंबलडन चैंपियन चेक गणराज्य की पेत्रा क्वीतोवा को पहले ही दौर में क्रोएशिया की पेत्रा मार्टिक के हाथों 4-6, 4-6 से उलटफेर का सामना करना पड़ा।