भारत की टेनिस सनसनी सानिया मिर्जा और रोहन बोपन्ना ने साल के आखिरी ग्रैंडस्लैम यूएस ओपन में जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की है।
रोहन बोपन्ना ने मेंस डबल्स में उरुग्वे के पाब्लो क्यूवास के साथ अमेरिकी जोड़ी ब्रेडले लाहन और स्कॉट लिपस्की को 1-6, 6-3, 6-4 से हराया। रोहन बोपन्ना और उनके जोड़ीदार पाब्लो ने पहला सेट 1-6 से गंवाने के बाद दमदार वापसी करते हुए अगले दोनों सेट 6-3, 6-4 से जीते। अब बोपन्ना और पाब्लो का अगले दौर में इटली की टीम सिमोन बोलेली और फेबियो फोगनिनी से होगा।
वहीं सानिया ने चीनी पार्टनर शुई पेंग के साथ विमेंस डबल्स के मैच में क्रोएशिया के पेट्रा मार्टिक और डोना वेकिक को 6-4, 6-1 से हराया। सानिया ने अपनी जोड़ीदार पेंग के साथ आसानी से जीत दर्ज की। सानिया और पेंग ने 55 मिनट में 6-4, 6-1 से सीधे सेटों में मुकाबला जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया। अब सानिया और पेंग का अगला मुकाबला स्लोवाकिया की जाना सप्लोवा और मगदलेना रायबरिकोवा से होगा।