दुनिया की शीर्ष वरीयता प्राप्त महिला टेनिस जोड़ी भारत की सानिया मिर्जा और स्विट्जरलैंड की मार्टिना हिंगिस ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए साल के आखिरी डब्ल्यूटीए टूर्नामेंट 70 लाख डॉलर इनामी राशि वाले डब्ल्यूटीए फाइनल्स के फाइनल में जगह बना ली है।
सिंगापुर में खेले जा रहे टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में सानिया मिर्जा और स्विट्जरलैंड की मार्टिना हिंगिस की जोड़ी ने चीनी-ताइपे की चान हाओ चिंग और चान युंग जान की जोड़ी को सीधे सेटों में 6-4, 6-2 से हराया। दोनों जोड़ियों के बीच हुआ मुकाबला काफी रोमांचक रहा।
इससे पहले सानिया और मार्टिना ने रेड ग्रुप में लगातार तीसरी जीत हासिल करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। सिंगापुर इंडोर स्टेडियम में सानिया-मार्टिना की जोड़ी ने हंगरी की तीमिया बाबोस और फ्रांस की क्रीस्टिना मालदेनोविक की जोड़ी को एक घंटे तीस मिनट में 6-4, 7-5 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
सानिया ने पिछले साल जिम्बाब्वे की कारा ब्लैक के साथ यह टूर्नामेंट जीता था। सानिया डब्ल्यूटीए फाइनल्स जीतने वाली भारत की पहली महिला टेनिस खिलाड़ी बनी थी।