भारतीय स्टार टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा अपनी नई जोड़ीदार के साथ लगातार दूसरी खिताबी जीत से महज एक कदम दूर हैं। सानिया ने नए सत्र में स्विट्जरलैंड की मार्टिना हिंगिस के साथ महिला युगल जोड़ी बनाने का फैसला लिया था और यह फैसला अब तक बेहद शानदार साबित हो रहा है।
मियामी में सानिया और मार्टिना की जोड़ी मियामी ओपन के महिला युगल के फाइनल में पहुंच गई है। खिताबी मुकाबले में इस जोड़ी का सामना ई मकारोवा और ई वेसनीना की जोड़ी से होगा। सेमीफाइनल में भारत-स्विस की जोड़ी ने शानदार खेल जारी रखते हुए उसे टी बाबोस और के मलाडेनोविक की जोड़ी को सीधे सेटों में 6-2, 6-4 से हराया। फाइनल मैच 6 अप्रैल को खेला जाएगा।
शीर्ष वरीयता प्राप्त इस जोड़ी ने अपने पहले ही मुकाबले में पिछले महीने परिबास ओपन का युगल खिताब जीता था। एकल में पूर्व नंबर वन हिंगिस ने युगल मुकाबलों में 11 ग्रैंड स्लैम जीते हैं जिसमें 9 महिला युगल और 2 मिश्रित युगल है, जबकि सानिया ने 3 ग्रैंड स्लैम जीते और वह भी मिश्रित युगल में।
सेरेना भी फाइनल में
इससे पहले दुनिया की नंबर वन महिला टेनिस खिलाड़ी सेरेना विलियम्स ने सेमीफाइनल में सिमोन हालेप को हराकर मियामी ओपन के फाइनल में जगह बना ली। सेरेना 10वीं बार मियामी ओपन के महिला सिंगल्स के फाइनल में पहुंची हैं।
अमेरिकी स्टार ने रोमानिया की दुनिया की तीसरे नंबर की खिलाड़ी हालेप को 6-2, 4-6, 7-5 से हराया। मियामी में आठवें खिताब के लिए सेरेना अब स्पेन की कार्ला सुआरेज नवारो से भिड़ेंगी। नवारो ने जर्मनी की आंद्रिया पेतकोविच को 6-3, 6-4 से हराकर खिताबी भिड़ंत के लिए जगह बनाई।
जोकाविच सेमीफाइनल में
एंडी मरे और नोवाक जोकोविच मियामी ओपन में एक और भिड़ंत की ओर अग्रसर हैं। सर्बियाई स्टार जोकोविच ने डेविड फेरर को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। जोकोविच ने कड़े क्वार्टर फाइनल में मुकाबले में फेरर पर 7-5, 7-5 से जीत दर्ज की। अब सेमीफाइनल में उनका सामना जॉन इसनर से होगा।
अमेरिकी स्टार इसनर ने जापान के कई निशिकोरी पर 6-4, 6-3 से जीत दर्ज की। ब्रिटेन के एंडी मरे पहले सेमीफाइनल में थामस बर्डिच से भिड़ेंगे। अगर मरे और जोकोविच अपने-अपने मुकाबले जीतते हैं तो ये दोनों खिताबी भिड़ंत में एक-दूसरे के आमने-सामने होंगे। जोकोविच ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में और पिछले हफ्ते इंडियन वेल्स के सेमीफाइनल में ब्रिटिश खिलाड़ी को हार चुके हैं।