भारत की सानिया मिर्जा और उनकी जोड़ीदार अमेरिका की बेथानी माटेक सेंड्स मियामी मास्टर्स टेनिस टूनामेंट में महिला युगल के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं।
सानिया और बेथानी की सातवीं सीड जोड़ी ने दूसरे दौर के मैच में ऑस्ट्रिया की जार्मिला गाज्दोसोवा और जर्मनी की सबाइन लिसिकी को कड़े संघर्ष में 6-1, 3-6, 10-7 से हराया। क्वार्टर फाइनल में सानिया और बेथानी का सामना सारा ईरानी और रोबर्टा विंसी की टॉप सीड इतालवी जोड़ी से होगा।
बोपन्ना-राजीव बाहर
पुरुष युगल में भारत के रोहन बोपन्ना और अमेरिका के राजीव राम की गैर वरीय जोड़ी दूसरे दौर में हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई। बोपन्ना और राम की जोड़ी को स्पेन के मार्सेल ग्रेनोलर्स और मार्क लोपेज की दूसरी सीड जोड़ी के हाथों 4-6, 6-7 से शिकस्त का सामना करना पड़ा।
सेरेना, शारापोवा अंतिम आठ में
दुनिया की नंबर वन खिलाड़ी अमेरिका की सेरेना विलियम्स और रूस की मारिया शारापोवा ने मियामी मास्टर्स टेनिस टूर्नामेंट के महिला एकल के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। सेरेना ने चौथे दौर में स्लोवाकिया की डोमिनिका चिबुलकोवा को 2-6, 6-4, 6-2 से जबकि शारापोवा ने चेक गणराज्य की क्लारा जाकोपालोवा पर 6-2, 6-2 से जीत दर्ज की। पुरुष एकल में ब्रिटेन के एंडी मरे और चौथी सीड चेक गणराज्य के थॉमस बर्डिच चौथे दौर में पहुंच गए हैं।