पिछले साल मैच फिक्सिंग में शामिल होने के संदेह में रूस की टेनिस खिलाड़ी याना सिजिकोवा को फ्रेंच ओपन ग्रैंडस्लैम के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया है। शुक्रवार को इस बात की जानकारी पेरिस अभियोजन पक्ष के कार्यालय ने दी। कार्यालय के मुताबिक, 26 साल की सिजिकोवा को गुरुवार रात को गिरफ्तार किया गया। उसे सितंबर 2020 में खेल में रिश्वत लेने और संगठित धोखाधड़ी करने के आरोपों में गिरफ्तार किया गया है।
फ्रांस पुलिस की सट्टेबाजी धोखाधड़ी और मैच फिक्सिंग में विशेषज्ञता इकाई ने पिछले साल अक्तूबर में जांच शुरू की थी। यह इकाई पहले बेल्जियम अधिकारियों के साथ भी पेशेवर टेनिस के निचले स्तर के संदिग्ध फिक्स मैचों की जांच में काम कर चुकी है। कार्यालय ने कहा कि यह जांच रोलां गैरां में पिछले साल एक मैच में संदेह पर केंद्रित है। हालांकि उसने इस मैच की जानकारी नहीं दी।
फ्रांस के खेल दैनिक अखबार 'ला इक्विपे' ने कहा कि, 30 सितंबर को महिला युगल के पहले दौर के मैच में सट्टेबाजी पैटर्न का संदेह हुआ था। उस दिन सिजिकोवा और उनकी जोड़ीदार अमेरिका की मैडिसन ब्रेंगले रोमानिया की एंड्रिया मीटू और पैट्रिसिया मारिया टिग के खिलाफ कोर्ट पर थीं। कोरोना वायरस महामारी के कारण पिछले साल फ्रेंच ओपन में देरी हुई थी, जिससे यह सितंबर और अक्तूबर के शुरू में खेला गया था।