दुनिया के पूर्व नंबर वन और 17 ग्रैंड स्लैम खिताबों के विजेता स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर और एंडी मरे ने शान से ऑस्ट्रेलियन ओपन के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। फेडरर ने अपना धमाकेदार प्रदर्शन जारी रखते हुए साल के पहले ग्रैंड स्लैम टेनिस टूर्नामेंट में कनाडा के मिलोस राओनिक को लगातार सेटों में 6-4, 7-6, 6-2 से हराया। खिताब के प्रबल दावेदार दूसरी सीड फेडरर का यह लगातार 35वां ग्रैंड स्लैम क्वार्टर फाइनल है।
क्वार्टर फाइनल में फेडरर का मुकाबला अब सातवीं सीड फ्रांस के जो विल्फ्रेड सोंगा से होगा जिन्होंने नौंवीं सीड हमवतन खिलाड़ी रिचर्ड गास्केट को चार सेटों में 6-4, 3-6, 6-3, 6-2 से हराकर लगातार चौथी बार टूर्नामेंट के अंतिम आठ में प्रवेश किया।
जबरदस्त फार्म में चल रहे तीसरी सीड ब्रिटेन के एंडी मरे ने भी फ्रांस के जाइल्स सिमोन को लगातार सेटों में 6-3, 6-1, 6-3 से पीटकर अंतिम आठ में जगह बना ली। क्वार्टर फाइनल में मरे की भिड़ंत गैर वरीय फ्रांस के जेरेमी चार्डी से होगा जिन्होंने इटली के आंद्रियास सेपी को पहला सेट गंवाने के बाद आसानी से 5-7, 6-3, 6-2, 6-2 से हराया। फ्रांस के चार खिलाड़ी क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने में सफल रहे हैं।
महिला वर्ग में विश्व की नंबर वन खिलाड़ी विक्टोरिया अजारेंका रूस की एलेना वेस्नीना को सीधे सेटों में 6-1, 6-1 से हराकर आराम से क्वार्टर फाइनल में पहुंचने में सफल रहीं जहां उनकी भिड़ंत दो बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन स्वेतलाना कुजनेत्सोवा से होगा। अमेरिका की सेरेना विलियम्स ने भी रूस की ही मारिया किरिलेंको पर आसानी से 6-2, 6-0 से पार पा लिया। सेरेना का क्वार्टर फाइनल में अपने ही देश की युवा खिलाड़ी स्लोएन स्टीफंस से मुकाबला होगा जिन्होंने सर्बिया की बोयाना योवानोवस्की को 6-1, 3-6, 7-5 से हराया।