दुनिया के नंबर वन खिलाड़ी और मौजूदा चैंपियन सर्बिया के नोवाक जोकोविच ने बेहद कड़े मुकाबले में स्विट्जरलैंड के स्टानिसलास वावरिंका को हराकर साल के पहले टेनिस टूर्नामेंट आस्ट्रेलियन ओपन के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। महिलाओं में रूस की मारिया शारापोवा भी टूर्नामेंट में रिकॉर्ड बनाते हुए अंतिम आठ में पहुंचने में सफल रहीं। शारापोवा ने क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने तक केवल पांच गेम गंवाने का रिकॉर्ड बनाया।
जोकोविच और वावरिंका के बीच मुकाबला बेहद रोमांचक हुआ। वावरिंका ने पहले सेट में जोकोविच का 6-1 से लगभग सफाया कर दिया। हालांकि जोकोविच ने इसके बाद वापसी करते हुए अगले दो गेम में जीत दर्ज की लेकिन वावरिंका ने टाईब्रेकर में चौथा सेट जीत मुकाबले को निर्णायक और पांचवें सेट में धकेल दिया।
पांचवें सेट में भी वावरिंका ने जबरदस्त शुरुआत की और पहले ही गेम में जोकोविच की सर्विस तोड़ दी। हालांकि जोकोविच ने भी वावरिंका की पहली ही सर्विस तोड़कर स्कोर बराबर कर दिया। मुकाबला टाईब्रेकर में पहुंचा जिसका फैसला निकलने में 104 मिनट लग गए। आखिरकार जोकोविच 1-6, 7-5, 6-4, 6-7, 12-10 से जीतने में सफल रहे।