न्यूयॉर्क की सड़क पर फेडरर के लिए बिछा रेड कार्पेट
फेडरर को न्यूयॉर्क में वायरल कंटेंट क्रिएटर एंड्रयू वेव ने सरप्राइज दिया। सोशल मीडिया पर 'रेड कार्पेट गाइ' के नाम से मशहूर वेव ने फेडरर के सामने अपना खास लाल कालीन बिछा दिया। इसका मकसद फेडरर को कुछ पल के लिए ऐसा महसूस कराना था, जैसे वह किसी बड़े फिल्म प्रीमियर या सेलिब्रिटी इवेंट में पहुंचे हों। फेडरर ने भी इस अनोखे अंदाज में सरप्राइज को स्वीकार किया। कैजुअल हुडी और सफेद जूते पहने स्विस दिग्गज लाल कालीन पर आगे बढ़े और आसपास मौजूद प्रशंसकों की तरफ हाथ हिलाया।
कैमरे के सामने दिखा फेडरर का शर्मीला अंदाज
फेडरर की लोकप्रियता किसी परिचय की मोहताज नहीं है। वह दशकों तक लाखों लोगों के सामने टेनिस कोर्ट पर उतरते रहे हैं, लेकिन इस छोटे से रेड कार्पेट पल में उनका बिल्कुल अलग व्यक्तित्व देखने को मिला। लाल कालीन पर चलते समय उनके चेहरे पर हल्की शर्मीली मुस्कान थी। बाद में उन्होंने एंड्रयू वेव के साथ तस्वीर भी खिंचवाई। फेडरर की यह सहज और विनम्र प्रतिक्रिया सोशल मीडिया यूजर्स को खूब पसंद आई।