साल के तीसरे ग्रैंडस्लैम टेनिस टूर्नामेंट विंबलडन के तीसरे दिन बुधवार को टूर्नामेंट का सबसे बड़ा उलटफेर हुआ।
ग्रासकोर्ट के बादशाह रोजर फेडरर को यूक्रेन के अंजान से खिलाड़ी स्टेकोवस्की ने तीन घंटे चले मुकाबले में 6-7, 7-6, 7-5, 7-6 से मात देकर मैच देख्ाने आए हजारों दर्शकों को स्तब्ध कर दिया।
इस हार के साथ्ा ही 7 बार के विंबलडन चैंपियन की यहां आठवें खिताब की हसरत अधूरी रह गई। नदाल और फेडरर के बाहर होने के बाद अब टूर्नामेंट में जोकोविच के खिताब जीतने की संभावनाएं काफी बढ़ गई हैं।
वहीं बुधवार को चोटिल होने के कारण कई शीर्ष खिलाड़ियों का अभियान थम गया। दुनिया की दूसरे नंबर की खिलाड़ी विक्टोरिया अजारेंका और आठवीं सीड पेत्रा क्वितोवा चोट के कारण चैंपियनशिप से हट गईं।
मैराथन मैन के नाम से मशहूर इस्नर और रादेक स्टेपानेक को भी दूसरे दौर का अपना मैच बीच में ही छोड़ना पड़ा जबकि नदाल को बाहर करने वाले डारसिस और 10वीं सीड मारियन सिलिच चोटिल होने के कारण कोर्ट पर उतर भी नहीं सके।
महिला वर्ग में तीसरी सीड शारापोवा एमएल डी ब्रेटो से 6-3, 6-4, इवानोविच कनाडा की यूजीन बूकार्ड से 6-3, 6-3 व नौवीं सीड वोजनियास्की गणराज्य की पी सेटकोवस्का से 6-2, 6-2 से हारकर उलटफेर का शिकार हो गईं। सर्बिया की जेलेना जानकोविच भी दूसरे दौर से आगे नहीं बढ़ सकीं।
भूपति और सानिया दूसरे दौर में
भारतीय खिलाड़ी महेश भूपति और सानिया मिर्जा अपने-अपने जोड़ीदार के साथ दूसरे दौर में पहुंच गए हैं। भूपति और आस्ट्रिया के जूलियन नोल्स की आठवीं वरीय जोड़ी ने पुरुष डबल्स में अर्जेंटीना के लियानार्दो मेयर और स्पेन के अल्बर्ट रामोस की जोड़ी को संघर्षपूर्ण मुकाबले में 6-2, 6-7, 6-4, 6-2 से हराया।
दूसरी तरफ सानिया मिर्जा ने भी अपनी अमेरिकी जोड़ीदार लिजेल ह्यूबर के साथ चेक गणराज्य की आर वोराकोवा और के जाकोपालोवा को 6-3, 3-6, 6-1 से हराकर अपने अभियान को आगे बढ़ाया।