सात बार के चैंपियन स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर रिकॉर्ड आठवें विंबलडन खिताब की दहलीज पर हैं। तैंतीस साल के किंग फेडरर ओपन युग के सबसे उम्रदराज विंबलडन चैंपियन बनने से एक जीत दूर हैं। मगर उनका लक्ष्य हासिल करना आसान नहीं है क्योंकि मैच के दौरान कोर्ट के उस पार खड़े होंगे दुनिया के नंबर एक नोवाक जोकोविच।
पिछले साल यही तो हुआ जोकोविच ने फाइनल में पांच सेटों तक चले कड़े मुकाबले में फेडरर को मात दे दी थी। इस बार फाइनल में पहुंचकर अपने आलोचकों को मुंह बंद करने वाले फेडरर पिछले साल की कसक दूर करने की जी-जान से कोशिश करेंगे।
सेमीफाइनल में ब्रिटेन के एंडी मरे के खिलाफ जीत के दौरान उन्होंने अपने वो पुराने तेवर दिखाए जब 2003 से 2010 के बीच उन्होंने 17 में से 16 बड़े खिताब जीते थे। यह उनका दसवां विंबलडन और 26वां ग्रैंडस्लैम फाइनल है। यदि रविवार को फेडरर विंबलडन जीतने में सफल रहते हैं तो अमेरिका के पीट सम्प्रास के रिकॉर्ड को तोड़ देंगे।