रोजर फेडरर एक साल से अधिक समय बाद टेनिस कोर्ट में वापसी कर रहे हैं। उनकी वापसी से उनके सभी फैन बेहद खुश हैं और राफेल नडाल भी इनमें से एक हैं। उन्होंने कहा कि वो स्विटजरलैंड की महान खिलाड़ी की वापसी के लिए एक महीने का इंतजार नहीं कर सकते। फेडरर ने पिछले साल विंबलडन के बाद से अपने घुटने का एक और ऑपरेशन कराया था। इस वजह से 41 वर्षीय खिलाड़ी लंबे समय से टेनिस नहीं खेल पा रहे थे।
20 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन रोजर फेडरर इस साल सितंबर के महीने में वापसी कर सकते हैं। वह लंबे समय के प्रतिद्वंद्वी और दोस्त नडाल के साथ लंदन में लेवर कप में जोड़ी बनाएंगे। इसके बाद वो बासेल में स्विस इंडोर टूर्नामेंट में भी भाग लेंगे।
पुरुषों के रिकॉर्ड 22 ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने वाले नडाल ने यूएस ओपन से पहले शुक्रवार को संवाददाताओं से कहा, "बेशक, रोजर को फिर से कोर्ट पर देखने के लिए बहुत उत्साहित हूं। मुझे आशा है कि वह ऐसा करने के लिए पूरी तरह फिट है।" जब नडाल से पूछा गया कि क्या लंबे समय बाद फेडरर सफल वापसी कर पाएंगे तो उन्होंने कहा "हां, देखते हैं। रोजर को कोर्ट पर उतरे काफी समय हो गया है, इसलिए मुझे में उम्मीद है कि वह वापसी कर पाएंगे, लेकिन देखते हैं।"
फेडरर ने पिछले दो वर्षों में घुटने के तीन ऑपरेशन कराए हैं और 2021 विंबलडन में ह्यूबर्ट हर्काज से क्वार्टर फाइनल हारने के बाद से कोई प्रतिस्पर्धी मैच नहीं खेला है।
लेकिन लगभग 14 महीने तक नहीं खेलने के बावजूद उन्होंने खेल में अपनी लोकप्रियता बरकरार रखते हुए, 17वीं बार दुनिया के सबसे अधिक कमाई करने वाले टेनिस खिलाड़ियों की सूची में अपना स्थान बरकरार रखा है।
नडाल ने कहा "उनके करियर के इस पड़ाव पर सबसे महत्वपूर्ण बात स्वास्थ्य और खुशी है। अगर वह काफी स्वस्थ है और टेनिस कोर्ट पर वापस आने के लिए तैयार हैं तो यह आश्चर्यजनक होगा। यदि नहीं, तो हम उन्होंने जो कुछ भी हासिल किया है उसके लिए हम उन्हें धन्यवाद कह सकते हैं। मुझे विश्वास है कि हम कुछ समय के लिए रोजर के साथ रहेंगे। हां, मैं उसके साथ लेवर कप में टीम साझा करने का इंतजार नहीं कर सकता।"