वर्ल्ड के नंबर-1 खिलाड़ी रोजर फेडरर ने अपना शानदार परफॉर्मेंस जारी रखते हुए शुक्रवार को एटीपी इंडियन वेल्स टेनिस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बनाई। मुकाबले में फेडरर ने ह्योन चुंग को सीधे सेटों में 7-5, 6-1 से हराया।
गौरतलब है कि इसी साल जनवरी में ऑस्ट्रेलियाई ओपन के रूप में अपना 20वां ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने वाले 36 वर्षीय फेडरर बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं। उनका 2018 का रिकॉर्ड 15-0 है। यह 2006 के बाद उनकी किसी सत्र की सबसे अच्छी शुरुआत है। तब उन्होंने 16-0 से शुरुआत की थी और 34 में से अपने 33 मैच जीते थे। फेडरर ने कहा कि यह शानदार है। यह पूरी तरह से अलग तरह का वर्ष है और ऐसा कई वर्षों बाद हुआ है।