स्विस टेनिस स्टार रोजर फेडरर ने अपने चौथे एटीवी खिताब की तरफ एक कदम और करीब बढ़ाते हुए मियामी ओपन टेनिस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। दिग्गज टेनिस स्टार ने शुक्रवार को क्वार्टर फाइनल में दक्षिण अफ्रीका के केविन एंडरसन को 6-0, 6-4 से मात देकर यह कारनामा किया।
इससे पहले फेडरर ने बुधवार को रशिया के डैनिल मेदवेदेव को 61 मिनट तक चले मुकाबले में 6-4 6-2 से मात देकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया था। जबकि फिलिप क्रांजिनोविक को हराकर राउंडर ऑफ 16 में प्रवेश किया था।
महिला वर्ग के सेमीफाइनल में बड़ा उलटफेर
वहीं, महिला वर्ग के सेमीफाइनल में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। वीमेंस सिंगल्स के सेमीफाइनल में चेक रिपब्लिक की कैरोलीना प्लिसकोवा ने टेनिस स्टार सिमोना हालेप को मात देकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। प्लिसकोवा ने सेमीफाइनल में हालेप को 7-5, 6-1 से हराया। अब फाइनल में उनका सामना ऑस्ट्रेलिया की एश्ले बार्टी से होगा।