कोरिया के खिलाफ शुक्रवार से शुरू हो रहे डेविस कप एशिया ओसेनिया जोन ग्रुप एक के मुकाबले में भारतीय अभियान की शुरुआत वीएम रंजीत करेंगे। टूर्नामेंट यहां के आर के खन्ना स्टेडियम में खेला जाएगा जिसका ड्रा बृहस्पतिवार को निकाला गया। भारतीय टीम टूर्नामेंट में अपने शीर्ष खिलाड़ियों के बगैर उतर रहा है ऐसे में सारा दारोमदार लिएंडर पेस पर होगा।
दोनों देशों के बीच अब तक आठ बार भिड़ंत हो चुकी है जिसमें कोरिया को 5-3 की बढ़त हासिल है। 1989 में कोरियाई टीम ने भारत को उसी की जमीन पर मात दी थी। आखिरी बार दोनों टीमें 2006 में भिड़ी थीं और तब भी जीत कोरिया के हाथ ही लगी थी।
रंजीत कोरिया के मिन ह्योक चो के खिलाफ भारतीय अभियान की शुरुआत करेंगे। इसके बाद दूसरे सिंगल्स में भारत के नंबर दो खिलाड़ी विजयंत मलिक का मुकाबला कोरिया के नंबर एक सुक यंग जियोंग से होगा। शनिवार को डबल्स में लिएंडर पेस और पूरब राजा की जोड़ी योंग क्यू लिम और जी सुंग नैम से भिड़ेगी जबकि रविवार को रिवर्स सिंगल्स में रंजीत का मुकाबला जियोंग से और मलिक का मुकाबला चो से होगा।
कोरिया ने अपने नंबर दो खिलाड़ी लिम को पहले दिन नहीं उतारा है। भारत के गैर खिलाड़ी कप्तान एसपी मिश्रा ने ड्रा पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा, ‘ड्रा से हम बेहद खुश हैं। मैं हमेशा चाहता था कि हमारे नंबर एक खिलाड़ी रंजीत पहला सिंगल्स खेलने उतरें। रंजीत अगर उलटफेर कर जाते हैं तो दूसरे खिलाड़ी के लिए फिर आसानी हो जाएगी।’
ड्रा के दौरान मौजूद भारतीय टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ी पेस ने कहा, ‘मेरे लिए पूरब राजा के साथ डबल्स में खेलना एक टेस्ट होगा क्योंकि हम पहली बार एक साथ खेलेंगे। कोरियाई जोड़ी काफी अच्छी दिखाई दे रही है लेकिन हम भी चुनौती के लिए तैयार हैं। पूरब एक शानदार खिलाड़ी हैं जिनमें अपार संभावनाएं है। यदि हम सही तालमेल बना पाते हैं तो कुछ भी हो सकता है। टीम के चारों खिलाड़ियों को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा।’
दोनों टीमों का 2012 में प्रदर्शन मिला जुला रहा था। कोरिया ने चीनी ताइपे से पहला राउंड जीता था लेकिन अगले राउंड में ऑस्ट्रेलिया ने उसे धो दिया था। भारत ने पहला राउंड उज्बेकिस्तान से गंवाया था लेकिन फिर रेलीगेशन प्ले आफ में उसने न्यूजीलैंड को हराकर ग्रुप ‘ए’ में अपना स्थान बरकरार रखा था। इस मुकाबले का विजेता पांच से सात अप्रैल तक होने वाले दूसरे राउंड में खेलेगा।