वर्ल्ड नंबर टू स्पेन के राफेल नदाल साल के चौथे ग्रैंड स्लैम अमेरिकी ओपन में इस बार नहीं खेल सकेंगे।
नदाल कलाई की चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाने के कारण अगले सप्ताह से शुरू हो रहे अमेरिकी ओपन टेनिस टूर्नामेंट से हट गए हैं।
पूर्व चैंपियन नदाल के इस टूर्नामेंट से हटने से उनके रोजर फेडरर के वर्ल्ड रिकॉर्ड 17 ग्रैंड स्लैम को तोड़ने के उनके इरादों को धक्का लगा है।
नदाल ने अब तक 14 ग्रैंड स्लैम जीते हैं जिसमें उन्होंने रिकॉर्ड 9 बार फ्रेंच ओपन जीते हैं। नदाल ने अमेरिका पिट सैंप्रास के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।
28 वर्षीय नदाल को गत माह अभ्यास के दौरान कलाई में चोट लग गई थी जिसके कारण वह रोजर्स कप और गत सप्ताह हुए सिनसिनाटी ओपन से भी हट गए थे।
स्पेनिश खिलाड़ी ने अपने फेसबुक पेज पर अमेरिकी ओपन से हटने की जानकारी दी। उन्होंने कहा, "मुझे इस बात की जानकारी देते हुए बहुत दुख हो रहा है कि मैं इस वर्ष के अमेरिकी ओपन में हिस्सा नहीं ले पाऊंगा, जिसमें भाग लेते हुए मैंने लगातार 3 फाइनल खेले हैं। मुझे यकीन है कि आप इस बात को समझ पाएंगे कि मेरे लिए यह कितना कठिन निर्णय है क्योंकि यह मेरा पसंदीदा टूर्नामेंट है और यहां से मेरी अच्छी यादें जुड़ी हुई हैं।"