घुटने की चोट से उबरने के बाद स्पेन के खिलाड़ी राफेल नदाल चिली ओपन के पुरुष एकल मुकाबले के तीसरे दौर में पहुंच गए हैं। उन्होंने बुधवार को अर्जेंटीना के क्वालीफायर फेडेरिको डेल्बोनिस को शिकस्त दी। उन्होंने मंगलवार को सात माह बाद टेनिस कोर्ट में वापसी करते हुए पुरुष युगल मुकाबले में भी जीत से आगाज की थी।
11 ग्रैंड स्लेम खिताब जीत चुके नदाल ने डेल्बोनिस के खिलाफ धीमी शुरूआत की। वह पहले गेम में अपनी सर्विस गंवा बैठे लेकिन इसके बाद संभलकर खेलते हुए उन्होंने 50 मिनट में पहला सेट 6-3 से जीत लिया। अपनी पूरी लय में खेलते हुए नदाल ने दूसरा सेट भी 38 मिनट में 6-2 से अपने नाम कर लिया।
मैच जीतने के बाद उन्होंने कहा कि लंबे समय के बाद पुरुष एकल मैच खेलकर वह काफी खुश हैं। पुराने लय में वापस लौटने के लिए उनको कुछ और समय की जरूरत है। उन्होंने कहा कि मेरे लिए सबसे महत्वपूर्ण बात यह होगी कि मैं जितना संभव हो सके अधिक से अधिक समय कोर्ट पर बिताऊं। यह जीत मुझे कम से कम दो और मैच खेलने की इजाजत देती है।
गौरतलब है कि जून 2012 में विंबलडन में चेक गणराज्य के लुकास रोसोल से दूसरे दौर का मुकाबला हारने के बाद नदाल ने कोई एकल मैच नहीं खेला था। वह इस महीने लातिन अमेरिका में अपने पसंदीदा क्ले कोर्ट में तीन टूर्नामेंट खेलेंगे। चिली ओपन के बाद नदाल अगले सप्ताह ब्राजील में साओ पाउलो ओपन और फिर 25 फरवरी से अकालुल्को में मैक्सिको ओपन में हिस्सा लेंगे।